लपटें देख बोले- लगा ज्वालामुखी फटा
बरेली (ए.)। गांव रजऊ परसपुर के बाहर स्थित गैस गोदाम पर खड़े ट्रक में आग लगने से दहशत फैल गई। धमाकों से ट्रक के परखच्चे उड़ गए। लगभग 350 से
अधिक सिलिंडर फटे हैं। घटना से दो घंटे तक दहशत का माहौल रहा। बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के रजऊ परसपुर स्थित महालक्ष्मी गैस एजेंसी में सोमवार दोपहर भयानक हादसा हो गया। दोपहर करीब एक बजे सिलिंडरों से भरे ट्रक में आग लग गई। ग्रामीणों के अनुसार सिलिंडर फटने के बाद लगातार कई तेज धमाके हुए, जिससे आसपास का इलाका दहल गया। करीब एक घंटे तक एक-एक कर सिलिंडर फटते रहे।
धमाकों के साथ हवा में उड़े सिलिंडरों के टुकड़े करीब 500 मीटर के दायरे में खेतों में जाकर गिरे। वहीं, गोदाम से उठती लपटों को देख गांव रजऊ परसपुर में दहशत फैल गई। लोग बोले, ऐसा लगा जैसे ज्वालामुखी फटा हो। बताया जा रहा है कि घटना में 350 से अधिक सिलिंडर फटे हैं। ये सिलिंडर ट्रक में लदे थे। ट्रक के परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि आग की चपेट में पूरा गोदाम नहीं आया। अन्यथा बहुत बड़ा हादसा हो जाता।
गांव रजऊ परसपुर से करीब 500 मीटर दूरी पर इंडेन की महालक्ष्मी गैस एजेंसी का गोदाम बना है।
एजेंसी के चौकीदार दिनेश चंद्र शुक्ला के मुताबिक गोदाम में सिलिंडर से भरा ट्रक उतरने के लिए खड़ा था। ट्रक के बोनट में किसी तरह आग लग गई।








