शहीदों के बताए मार्ग पर चलना हर नागरिक का कर्तव्य – पंकज शर्मा
सीहोर । रविवार को देश के वीर सपूतों भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान दिवस पर जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा के नेतृत्व में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया । आयोजन में सबसे पहले कांग्रेसजनों ने तीनों अमर बलिदानियों के चित्र पर माल्यार्पण कर और पुष्प अर्पित कर उनको नमन कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए । इस अवसर पर उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए पंकज शर्मा ने कहा कि हमारे देश को अग्रेजों के चंगुल से आजाद कराने में हजारों क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी है । आज ही के दिन सन 1931 में देश की आजादी के लिए भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु भरी जवानी में हंसते-हंसते फांसी के फंदे पर झूल गए थे और देश की आजादी के हवन में अपनी प्राण रूपी आहुति प्रदान की थी । पंकज शर्मा ने आगे कहा कि हमारा देश ऐसे हजारों गुमनाम क्रांतिकारियों के बलिदान की वजह से ही आज अग्रेजों के चंगुल से आजाद होकर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है । पंकज शर्मा ने उपस्थित कांग्रेसजनों से कहा कि आज हमें हमारे आजादी के वीर नायकों के बताए हुए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है तभी हमारा देश और तेजी से विकास पथ पर बढ़कर विकसित देशों की कतार में शामिल हो सकेगा । पंकज शर्मा ने कहा कि आज हम ये विचार करें कि वो क्या वीर बलिदानी थे जो भरी जवानी में हंसते-हंसते देश की स्वतंत्रता के लिए फांसी के फंदे पर झूल गए, आज हम अगर उनके बताए मार्ग पर चल भी पाएं तो यही बहुत बड़ी बात होगी और हम सभी को आज देशहित में उनके बताए रास्ते पर चलने की शपथ लेनी चाहिए । इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश गुप्ता, भगत सिंह तोमर, कमलेश चांडक, अजय रैकवार, जय सिंह भारती, अरुण मालवीय, रोहित जैन, सक्षम शर्मा, समर्थ शर्मा आदि कांग्रेसजन उपस्थित रहे ।







