मुंबई (ए.)। माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स ने कहा कि इंडिया की ग्रोथ से पूरी दुनिया को फायदा होगा। मुंबई में एक इवेंट में बिल गेट्स ने यह बात कही है। इतना ही नहीं उन्होंने भारत के इनोवेशन की तेज गति की भी सराहना की है। बिल गेट्स ने कहा कि 2047 तक देश का विकसित राष्ट्र के रूप में उभरना न केवल भारत को बदल देगा, बल्कि दुनिया पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने बताया कि फैक्ट यह है कि भारत में हेल्थ और एजुकेशन जैसे प्रमुख सेक्टरों को प्राथमिकता दी गई है, इससे बहुत सकारात्मक गतिशीलता पैदा हुई है। भारत के इकोनॉमिक ग्रोथ आउटलुक को आशाजनक बताते हुए गेट्स ने कहा कि यह एक बेहतरीन स्थिति है, जब इस बात पर बहस चल रही है कि विकास दर 5 प्रतिशत होगी या 10 प्रतिशत। हालांकि, मुझे नहीं लगता कि यह 10 प्रतिशत तक पहुंचेगी, लेकिन 5 प्रतिशत से नीचे भी नहीं जाएगी। बिल गेट्स ने कहा कि आर्थिक विस्तार हेल्थकेयर और एजुकेशन में अधिक सरकारी निवेश को सक्षम करेगा, जिससे महत्वपूर्ण अवसर पैदा होंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर गेट्स ने कहा कि यह टेक्नोलॉजी बहुत बड़े बदलाव लाएगी। लेकिन उन्होंने इस डर को खारिज कर दिया कि एआई से नौकरियां खत्म हो जाएंगी। गेट्स ने भारत की एआई डेवलपमेंट अप्रोच की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत का स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार ओपन-सोर्स फाउंडेशन मॉडल को अपनाना अच्छा है, जिसमें भारतीय भाषाओं का सपोर्ट भी शामिल है।








