नाशिक (ए.)। जिले से एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने ही अपनी पत्नी का अपहरण कर लिया। बताया जा रहा है कि महिला अपनी मां के साथ कहीं जा रही थी, इसी दौरान कार से उसका पति अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा। देखते ही देखते उन्होंने महिला को जबरन कार में बैठा लिया। इस दौरान महिला का मां ने इसका विरोध भी किया, लेकिन उन्होंने मां को धक्का देकर गिरा दिया। महिला का अपहरण करने के बाद उसका पति और अन्य लोग मौके से फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने बाद में शिरडी के पास से महिला को रेस्क्यू कर लिया और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में पति को अपनी पत्नी का अपहरण करते हुए देखा जा सकता है। प्राथमिक रूप से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों ने हाल ही में लव मैरिज की थी। काफी दिन तक दोनों साथ रहे, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद महिला ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने पति को छोड़ दिया और अपनी मां के साथ रहने लगी। इससे नाराज होकर पति ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर महिला के अपहरण की योजना बनाई। बताया जा रहा है कि 19 वर्षीय महिला अपनी मां के साथ नाशिक के पांग्री बस स्टैंड के पास से जा रही थी। इसी दौरान उसका पति अपने कुछ दोस्तों के साथ आया और महिला का अपहरण कर लिया।








