नर्मदापुरम/ कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार पुस्तक एवं गणवेश मेले का आयोजन 30 एवं 31 मार्च 2025 को शासकीय नर्मदा महाविद्यालय, नर्मदापुरम के ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इस मेले के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जिसमें करियर मार्गदर्शन की विस्तृत जानकारी दी जाएगी करियर काउंसलिंग सत्र का संचालन पूर्व प्रशिक्षित करियर काउंसलिंग मास्टर ट्रेनर एवं नर्मदापुरम के शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों में नियुक्त करियर काउंसलर द्वारा किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को कक्षा 10वीं के बाद विषय चयन, कक्षा 12वीं के बाद उच्च शिक्षा एवं व्यावसायिक कोर्स, NEET, JEE, IIT, CLAT, नर्सिंग एवं अन्य व्यावसायिक शिक्षा की तैयारी और रोजगार के अवसरों से अवगत कराया जाएगा। मेले में करियर काउंसलिंग स्थल पर प्रत्येक स्कूल के प्राचार्य द्वारा अपने विद्यालय का फ्लेक्स लगाया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को उनके विद्यालय की करियर काउंसलिंग सुविधाओं की जानकारी मिल सके। इसके साथ ही, यूनिलर्न पोर्टल के माध्यम से करियर काउंसलिंग प्रक्रिया को समझाया जाएगा। इस पूरे आयोजन के नोडल अधिकारी एडीपीसी श्री राजेश गुप्ता होंगे, जबकि प्राचार्य श्री विक्रम कुमार नरवरिया इस कार्यक्रम के प्रमुख समन्वयक रहेंगे।






