अगर भाजपाईयों को जिला अस्पताल की अव्यवस्थाएं नहीं दिखाई देती तो उन्होंने अपनी आंखों पर पट्टी बांध ली है
अनर्गल बयानबाजी करने के बजाय व्यवस्था सुधरवाने पर ध्यान दें सत्ताधारी दल के नेता – पंकज शर्मा
सीहोर । पिछले दिनों कांग्रेस पार्टी ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में स्थानीय अटल चौक पर एक विशाल धरना-प्रदर्शन किया था, जिसमें जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती द्वारा खुलकर जिला अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर अस्पताल प्रबंधन पर प्रहार किए गए थे लेकिन भाजपा को कांग्रेस पार्टी द्वारा अस्पताल प्रबंधन की ये सच्चाई उजागर करना रास नहीं आया और उनके एक नेता ने इन सारे आरोपों को सिरे से नकारते हुए अस्पताल में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने से ही इनकार कर दिया और जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती से माफी मांगने की मांग भी कर दी । इसको लेकर जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा ने भाजपा के नेताओं और जनप्रतिनिधियों पर करारा हमला बोला है । पंकज शर्मा ने एक बयान जारी कर कहा है कि कांग्रेस पार्टी द्वारा लगाए गए सच्चे आरोपों पर भाजपा नेताओं को अनर्गल बयानबाजी कर अस्पताल प्रबंधन का बचाव करने के बजाय अस्पताल की अव्यवस्थाओं को ठीक करने की दिशा में काम करना था लेकिन वो तो जिला अस्पताल के प्रवक्ता की तरह अस्पताल प्रबंधन और सिविल सर्जन का बचाव कर रहे हैं जबकि अभी स्वयं सिविल सर्जन और अस्पताल प्रबंधन द्वारा भी इन आरोपों पर चुप्पी साधी हुई है, ऐसे में भाजपा नेता का अस्पताल के बचाव में उतरना किसी सांठगांठ की ओर इशारा कर रहा है जिसकी जांच जिला प्रशासन को करवानी चाहिए । पंकज शर्मा ने कहा कि एक आम आदमी को भी अस्पताल की अव्यवस्थाएं दिखाई देती हैं तो ऐसे में भाजपा के जिम्मेदार पद पर बैठे पदाधिकारी को ये अव्यवस्थाएं ना दिखाई देना अपने आप में कई प्रश्न खड़े कर रहा है जिनके जवाब जाने जाना नितांत आवश्यक है । पंकज शर्मा ने कहा कि यदि इन भाजपा नेता को अस्पताल में पसरी गंदगी, डॉक्टरों का ड्यूटी से नदारद रहकर दूसरे से ड्यूटी करवाना और स्वयं अपने क्लीनिक में बैठकर इलाज करना, अवैध कैंटीन, सपोर्टिंग स्टाफ द्वारा दादागीरी करते हुए डॉक्टर की कुर्सी पर बैठना, डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा मरीजों के परिजनों से अभद्र व्यवहार करना जैसी समस्याएं नहीं दिखाई दे रही हैं तो लगता है कि इन्होंने अपनी आंखों पर पट्टी बांध रखी है, इनको भाजपा द्वारा क्षमता से अधिक बड़ा पद दे दिया गया है, जिस कारण ये अतिउत्साह में ऐसी अनर्गल बातें कर रहे हैं, इससे इन्हें बचना चाहिए । पंकज शर्मा ने इन भाजपा नेता सहित सत्ताधारी दल के अन्य सभी नेताओं और जनप्रतिनिधियों से जिला अस्पताल में चल रही सभी अव्यवस्थाओं को ठीक कराने और नाकारा सिविल सर्जन को तत्काल निलंबित कराने की मांग की है, साथ ही अनर्गल बयानबाजी करने के लिए इन नेता को सीहोर की आम जनता से माफी मांगने की सलाह भी दी है ।







