राज्यसभा में सांसद नारोलिया ने उठाया मां नर्मदा के संरक्षण का मुद्दा, लोकसभा सांसद चौधरी ने फोरलेन की रखी मांग
बलराम शर्मा
नर्मदापुरम। देश की दोनों संसद में नर्मदांचल की आवाज गूंज रही है। इस बात की खुशी पूरे नर्मदांचल में है। क्योंकि सांसद द्वय राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया और लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी निरंतर अपनी आवाज संसद में बुलंद कर रहे हैं। जिससे क्षेत्र को भारत सरकार की सौगातें भी मिल रही हैं। क्षेत्र को ऐसे ही सांसदों की आवश्यकता है।
राज्यसभा सांसद एवं मप्र भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया ने सोमवार को संसद में मां नर्मदा नदी के संरक्षण और संरक्षित करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने नर्मदा को जीवित इकाई घोषित करने की मांग करते हुए कहा कि अत्यधिक रेत उत्खनन, वनों की कटाई पर चिंता जाहिर की है।
वहीं लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने सदन में टिमरनी नर्मदापुरम पिपरिया से करेली के लिए फोरलेन की मांग को प्राथमिकता से रखकर पूरे क्षेत्र के लिए सुगम मार्ग की जरूरत को रखा है। उन्होंने संसद में कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए इस फोरलेन की है महती आवश्यकता है। नर्मदापुरम नरसिंहपुर लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने सदन में टिमरनी नर्मदापुरम बाबई सोहागपुर पिपरिया गाडरवारा करेली फोर लाइन राष्ट्रीय मार्ग का आग्रह किया। सांसद चौधरी ने सदन में टिमरनी से करेली तक स्टेट हाईवे को नेशनल हाईवे में परिवर्तित करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन किए जाने की मांग की। लोकसभा में सांसद ने कहा कि मेरे लोकसभा क्षेत्र में फोरलेन रोड की बहुत आवश्यकता है। उसमें टिमरनी से जो फोर लाइन गया है टिमरनी सिवनी मालवा नर्मदापुरम माखननगर सोहागपुर पिपरिया गाडरवारा करेली तक यह फोर लेन ले जाने से लगभग मेरे क्षेत्र की 21 लाख जनसंख्या को प्रत्यक्ष फायदा होगा। चूंकि फोर लाइन बनने से उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, हमारे यहां खेती का स्ट्रक्चर बहुत बड़ा है। नर्मदा मैया का इलाका है। उन्होंने कहा है कि इस फोरलेन रोड में हमारे नर्मदापुरम नरसिंहपुर क्षेत्र की समृद्धि छुपी हुई है। आवागमन बहुत ही सुविधाजनक हो जाएगा। इसलिए इस फोर लाइन मार्ग को देकर क्षेत्र को अनुग्रहित करें।







