शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही भारी विद्युत कटौती से लोग हो रहे परेशान
बिजली कंपनी ने अपना रवैया नहीं सुधारा तो करेंगे प्रदर्शन व घेराव – पंकज शर्मा
सीहोर । जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर विद्युत वितरण कंपनी को चेतावनी देते हुए कहा है कि मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का मनमाना रवैया सुधरने का नाम ही नहीं ले रहा है और लगातार इसके द्वारा आम जनता को परेशान किया जा रहा है । पंकज शर्मा ने कहा कि सीहोर जिले में कंपनी ने बिजली कटौती के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और इसके द्वारा नगरीय क्षेत्र में आए दिन मेंटेनेंस के नाम पर लाइट दी जाती है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में तो स्थिति बहुत ही भयावह है जहां दिनभर विद्युत कटौती होती रहती है और पूरे दिन में लगभग कई-कई बार लाइट आती-जाती रहती है और चौबीस घंटे में लगभग आठ से दस घंटे लाइट ग्रामीण क्षेत्रों में काटी जा रही है । पंकज शर्मा ने आगे कहा कि विद्युत वितरण कंपनी की मनमानी का आलम ये है कि अधिकतर इसके द्वारा त्यौहार के दिन ही बिजली कटौती की जाती है, अभी महाशिवरात्रि के दिन सुबह से ही कई बार कंपनी द्वारा बिजली कटौती की गई, क्या कंपनी के कर्ताधर्ताओं को त्यौहारों और पर्वों से कोई परेशानी है जो वो आम जनता को सुकून से त्यौहार भी नहीं मनाने देती तथा होली-दीवाली सहित सभी प्रमुख त्यौहारों पर बिजली काटकर जनता के रंग में भंग डालती है और उनकी आस्था का मजाक उड़ाती है । पंकज शर्मा ने अंत में कहा कि मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी से तत्काल अपने रवैए में सुधार करते हुए सीहोर नगरीय तथा तथा ग्रामीण क्षेत्र में मेंटेनेंस के नाम पर तथा अन्य बहाने बनाकर की जा रही बिजली कटौती को तत्काल बंद करने को कहा है और ऐसा ना किए जाने पर कांग्रेस पार्टी द्वारा जनहित में प्रदर्शन करने तथा बिजली कंपनी के दफ्तर का घेराव करने की चेतावनी दी है, जिसकी संपूर्ण जवाबदारी बिजली कंपनी के मनमाने रवैए और जनविरोधी ढर्रे की होगी ।








