जबलपुर। मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड द्वारा नव गठित मोमिन ईदगाह कमेटी के विरोध में और केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नए वक्फ संशोधन बिल 2024 के विरोध में “मोमिन ईदगाह एक्शन कमेटी” द्वारा 9 मार्च को रात 8 बजे से 10 मार्च को रात 8 बजे तक 24 घंटे का एक विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह प्रदर्शन मोमिन ईदगाह के बाहर होगा, जिसमें मुस्लिम समाज के सभी जागरूक और जिम्मेदार लोग भाग लेंगे।
नया वक्फ संशोधन बिल 2024: हमारी धार्मिक और सामाजिक धरोहर पर हमला
केंद्र सरकार का नया वक्फ संशोधन बिल 2024, वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में सरकारी हस्तक्षेप को बढ़ावा देता है। इस विधेयक में वक्फ बोर्डों की शक्तियों को सीमित कर प्रशासन को वक्फ संपत्तियों के सर्वेक्षण और नियंत्रण का अधिकार दिया गया है। यह क़दम हमारी धार्मिक और सामाजिक धरोहर को हड़पने की कोशिश के सिवा और कुछ नहीं है।
मोमिन ईदगाह वक्फ कमेटी का मनमाना गठन: नियमों और समाज की अनदेखी
28 दिसंबर 2024 को मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड ने वक्फ बायलॉज और समाज की सहमति की अनदेखी करते हुए, मोमिन ईदगाह, जबलपुर की नई वक्फ कमेटी का गठन किया। यह गठन सियासी हस्तक्षेप और मनमानी का परिणाम है, जिसमें ऐसे लोगों को शामिल किया गया है जो न तो समाज के काबिल हैं और न ही उनमें धार्मिक और सामाजिक सलाहियत है।
मोमिन ईदगाह एक्शन कमेटी इस मनमाने फैसले का विरोध करती है और मांग करती है कि एक पारदर्शी, लोकतांत्रिक और नियमों के अनुरूप नई वक्फ कमेटी का गठन हो, जिसमें काबिल, शिक्षित और ईमानदार लोगों को ही शामिल किया जाए।








