लाहौर (ए) । चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का दूसरा सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच को न्यूजीलैंड ने 50 रनों से अपने नाम किया और फाइनल में अपनी जगह पक्की की। अब टूर्नामेंट का फाइनल 09 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच दुबई में खेला जाएगा। इस मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने इस मैच में 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 362 रन बनाए। कीवी टीम की तरफ से रचिन रवींद्र और केन विलियमसन ने शानदार शतक लगाया। रचिन ने 108 और केन विलियमसन ने 102 रन बनाए। वहीं ग्लेन फिलिप्स ने अंत में 27 गेंदों में 49 रनों की पारी खेली। गेंदबाजी की बात करें तो साउथ अफ्रीका की तरफ से लुंगी एनगिडी ने 3 विकेट लिए। वहीं कगिसो रबाडा ने दो बल्लेबाजों को आउट किया। दक्षिण अफ्रीका के तरफ से भी इस मैच मे डेविड मिलर ने शानदार शतक लगाया, लेकिन उनकी वो पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। मिलर 67 गेंदों में शतक बनाकर नाबाद लौटे। उनके अलावा कप्तान टेम्बा बावुमा और रासी वैन डर डुसेन ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। पूरे 50 ओवर बैटिंग करने के बाद साउथ अफ्रीका की टीम 9 विकेट के नुकसान पर 312 रन ही बना सकी।








