हमारे शहर की सडक़ों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी-निगम अध्यक्ष सूर्यवंशी

Join Us

भोपाल (आरएनएस)। नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कहा है कि हमारे शहर की सडक़ों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी हमारी है, ऐसे में डामर की सडक़ों पर होलिका दहन किया जाता है तो उससे डामर की सडक़ें खराब हो जाती हैं और करदाताओं के साथ नगर निगम व अन्य एजेंसियों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ता है। नगर निगम अध्यक्ष सूर्यवंशी ने हाल ही में ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के आयोजन के समय करोड़ों रूपये की लागत से निर्मित की गई शहर की सडक़ों की चिंता करते हुए उक्त विचार व्यक्त किये साथ ही शहर के प्रबुद्धजन से आव्हान किया कि अपने शहर की सडक़ों को दुरूस्त रखने के लिए डामर की सडक़ों के स्थान पर आसपास के अन्य कच्चे स्थानों पर परंपरागत रूप से होली जलायें। सूर्यवंशी ने इस संबंध में नगर निगम आयुक्त को भी पत्र लिखकर शहर की सडक़ों की सुरक्षा के दृष्टिगत अन्य वैकल्पिक स्थानों पर होलिका दहन की व्यवस्था करने को कहा है।नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने शहर की सडक़ों की सुरक्षा की चिंता करते हुए नगर निगम आयुक्त को पत्र प्रेषित किया है, जिसके अनुसार ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट-2025 के आयोजन के दौरान करोड़ो रूपये का व्यय कर भोपाल के सभी क्षेत्रों में सडक़ों का निर्माण कार्य कराया गया है जिससे भोपाल शहर की खूबसूरती में और अधिक वृद्धि हुई है। सूर्यवंशी ने पत्र में लिखा है कि आगामी 13 मार्च 2025 को होलिका दहन किया जायेगा। होलिका दहन हेतु शहर के सभी क्षेत्रों के रहवासियों द्वारा सडक़ों पर डंडा गड़ाया जाकर होलिका दहन किया जाता है, इस प्रक्रिया के कारण डामर की सडक़े बहुत जल्दी क्षतिग्रस्त हो जाती हैं और सडक़ों के क्षतिग्रस्त होने से आम करदाताओं को टैक्स के रूप में सरकार को दी गई राशि का नुकसान होता है। सूर्यवंशी ने पत्र में लिखा है कि डामर की सडक़ों पर होलिका दहन प्रतिबंधित कर अन्य स्थान पर होलिका दहन करने के आदेश जारी करें ताकि करोड़ों रूपये में बनीं सड़क़े खराब होने से बच सकेें और होली दहन पास के किसी अन्य स्थान पर परंपरागत रूप से होलिका दहन किया जा सके। नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने शहर की सडक़ों की सुरक्षा व सुन्दरता एवं सुगम यातायात बनाये रखने में नागरिकों के सहयोग को अनिवार्य बताते हुए आव्हान किया है कि होलिका दहन सडक़ों के स्थान पर अन्य जगह करें और सडक़ संरक्षण एवं सांस्कृतिक परंपरा का एक साथ निवर्हन करें।

Previous articleनिगम अमले ने सुभाष नगर क्षेत्र में अवैध निर्माणों तथा सेकेण्ड स्टॉप क्षेत्र की अवैध झुग्गियों को हटाया
Next articleलंदन पहुंचते ही जेलेंस्की का बदला सुर, बोले- समर्थन के लिए ट्रंप का आभारी हूं