सीहोर। महाशिवरात्रि के अवसर पर सीहोर में जगह-जगह शिवालयों में अभिषेक, पूजा-अर्चना चलती रही तो वहीं फलाहारी प्रसादी का वितरण भी हुआ। इसी कड़ी में नगर के मनकामेश्वर महादेव मंदिर में भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व नगर पालिका, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा मित्र मंडल एवं परिवार की तरफ से 21 क्विंटल फलहारी खिचड़ी एवं 10 क्विंटल मट्ठे का वितरण कराया गया। इस दौरान हजारों की तादाद में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पहले तो मनकामेष्वर महादेव मंदिर में दर्शन, पूजन किया एवं इसके बाद फलाहारी प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान श्री अरोरा ने भी श्रद्धालुओं को खिचड़ी का वितरण किया। महाशिवरात्रि के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालु-भक्त मनकामेश्वर महादेव मंदिर में पूजा, अर्चना एवं दर्शन के लिए पहुंचने लगे थे। दिन के समय में यहां पर भारी तादाद में श्रद्धालु पहुंचे। यहां बता दें कि श्री अरोरा परिवार एवं मित्र मंडल की तरफ से प्रति वर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां पर प्रसादी का वितरण कराया जाता है। इस वर्ष भी फलाहारी खिचड़ी एवं मट्ठे का वितरण कराया गया, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालु-भक्त एवं बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी प्रसादी उपलब्ध हो सके। श्री अरोरा ने बताया इस समय कुबेरेश्वर धाम में रूद्राक्ष महोत्सव का भी आयोजन चल रहा है। ऐसे में प्रतिदिन बड़ी तादाद में लोग सीहोर पहुंच रहे हैं। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी महाशिवरात्रि पर फलाहारी प्रसादी का वितरण कराया गया। उन्होंने बताया कि सिद्धपुर की नगरी सीहोर इस समय पूरी तरह से शिवमय है एवं लोगों के लिए आस्था का केंद्र बनी हुई है। इस आस्था में डुबकी लगाकर सभी अपने जीवन को धन्य बना रहे हैं। हमारे लिए भी सौभाग्य का विषय है कि हमें भी लोगों की सेवा करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।







