सभी शिवालयों में हो रही जोरदार तैयारी, काले महादेव से निकलेगी शाही सवारी
नर्मदापुरम। भोले की भक्ति का महान पर्व महाशिवरात्री के पावन पर्व पर आज नर्मदानगरी शिव आराधना से सराबोर रहेगी। शहर के शताधिक शिवालयों में जोरदार तैयारी चल रही हैं। शहर के प्रसिद्ध काले महादेव मंदिर से भगवान भोलेनाथ की बारात के रूप में शाही सवारी विशाल पालकी शोभायात्रा गाजे बाजे से निकाली जाएगी। बारात में हाथी, घोड़े, ऊंट भी शामिल किए जाएंगे। इसी के साथ शहर के शिव मंदिरों में महारूद्राभिषेक के आयोजन होंगे। नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में बीते 145 वर्षों की तरह इस वर्ष भी 24 घंटे तक देवादिदेव महादेव का रूद्राभिषेक 11 पंडितों के द्वारा किया जाएगा। प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के केंद्र में शिव जयंती का अायोजन किया जा रहा है।
महाशिवरात्रि महोत्सव पर चारो पहर रुद्राभिषेक
शिव शक्ति देवालय श्रीमाधव संन्यास आश्रम में महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है जिसके तहत द्वादश पार्थिव ज्योर्तिलिंग, नर्मदेश्वर शिवलिंग का रात्रि के चारो पहर संगीतगमय रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही भस्म आरती महाआरती की जाएगी। शिवम शिवालय में भजन कीर्तन के आयोजन होंगे।
शिवालयों में हुई साज सज्जा
महाशिवरात्रि पर्व के एक दिन पूर्व से ही शहर के सभी शिवालय सज गए हैं। शहर के नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, इच्छापूर्ति महादेव मंदिर, शिवम शिवालय, माधव आश्रम,पंचमुखी महादेव मंदिर, शिद्देश्वर महादेव मंदिर, शनि शिवालय, के साथ ही शहर के अन्य भी शिव मंदिरों में विशेष पूजन अर्चन के आयोजन होना एक दिन पूर्व से ही शुरू हो गए हैं।
धूमधाम से निकलेगी शाही सवारी
श्रीकालेमहादेव सेवा समिति के द्वारा आज महाशिवरात्री के पावन अवसर पर काले महादेव की पालकी शोभायात्रा के साथ ही शाही सवारी निकाली जाएगी। भगवान भोलेनाथ की बारात गाजे बाजे के साथ और विभिन्न झांकियाें के साथ निकाली जाएगी।
महारुद्राभिषेक के होंगे आयोजन
नर्मदा तट के सेठानी घाट पर शिवार्चन समिति के द्वारा सेठानी घाट पर नर्मदा जी की जलधारा में नाव पर मंच बनाकर पार्थिवेश्वर महादेव की षोडशोपचार विधि से पं सोमेश परसाई के अाचार्यत्व में महारुद्राभिषेक किया जाएगा।






