न्यूयॉर्क (ए.)। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यूनाइटेड स्टेट्स एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट द्वारा भारत को दिए जाने वाले फंड पर एक बार फिर हमला बोलते हुए दावा किया कि उसने भारत को चुनाव में सहायता के लिए ’18 मिलियन डॉलर’ दिए। ट्रंप ने कहा कि भारत को चुनाव के लिए धन मुहैया कराना अनावश्यक है क्योंकि उन्हें वित्तीय सहायता की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भारत अमेरिका का ‘फायदा उठाता है’ और वैश्विक स्तर पर सबसे अधिक टैरिफ लगाता है। यह चौथी बार है जब ट्रंप ने भारत में मतदाता भागीदारी बढ़ाने के लिए यूएसएआईडी फंडिंग को लेकर अपना दावा दोहराया है। इससे पहले भी उन्होंने इस मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा था कि यह फंडिंग किसी अन्य को चुनाव जिताने के लिए की गई थी।








