कुबेरेश्वर धाम पर कथा स्थल की व्यवस्थाओं का कलेक्टर ने लिया जायजा

Join Us

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करने के दिए निर्देश

 कुबेरेश्वर धाम क्षेत्र में खाद्य सामग्रियों की करें निरंतर जांच – कलेक्टर  बालागुरू के.

 कलेक्टर ने कथा के दौरान यातायात के सुगम संचालन के दिए निर्देश

सीहोर/कुबेरेश्वर धाम में 25 फरवरी से  03 मार्च 2025 तक महाशिवरात्रि पर्व पर शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस कथा में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस कथा के संबंध में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने संपूर्ण कथा स्थल का भ्रमण कर कथा स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने निर्देश दिए कि कथा की व्यवस्थाओं के लिए जिन अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वह सभी अपनी ड्यूटी पूरी गंभीरता से करें। इसके साथ ही जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है वह सभी समय से पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुँच कर अपने दायित्वों को भली-भांति समझ लें। कलेक्टर श्री बालागुरू के ने कथा के दौरान बेहतर इंतजाम करने एवं लोगों की सुरक्षा के साथ ही नेशनल हाईवे पर आवागमन सुगम बनाए रखने के लिए परिवर्तित मार्गों एवं वैकल्पिक मार्गों की जानकारी के लिए पोस्टर बैनर के माध्यम से नागरिकों को सूचित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कथा के दौरान पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, अस्थाई शौचालय, पार्किंग, हेल्थ कैम्प, आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, कन्ट्रोल रूम, सहायता केंद्र, मार्ग मरम्मत सहित अन्य व्यवस्थाएं सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।  उन्होंने इंदौर-भोपाल आने जाने वाले वाहनों को 24 फरवरी की सुबह से ही डाइवर्ट करने के निर्देश दिए ताकि यातायात का सुगम संचालन हो सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुबेरेश्वर धाम स्थित दुकानों में विक्रय होने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों की निरंतर जांच की जाए तथा मिलावट या अमानक पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के विरूद्ध कार्यवाही की जाए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए जो भोजन बनाया जाएगा, उसकी खाद्य एवं औषधि निरीक्षक द्वारा समय समय पर जाँच की जाए।   कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस आयोजन कि दौरान पेयजल आपूर्ति तथा विद्युत सप्लाई निर्बाध रूप से संचालित रहे। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि कहीं कोई व्यवधान उत्पन्न हो तो उसकी तुरंत मरम्मत की जाए अथवा वैकल्पिक व्यवस्था पहले से हो। उन्होंने निर्देश दिए आयोजन के दौरान सफाई व्यवस्था निरंतर चलती रहे ताकि स्वच्छता बनी रहे। निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी श्री गीतेश गर्ग,  एसडीएम श्री तन्मय वर्मा,  सीएसपी श्री निरंजन सिंह राजपूत, विठ्लेश सेवा समिति के श्री समीर शुक्ला सहित पुलिस एवं प्रशासन के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

पार्किंग स्थलों का किया निरीक्षण

 कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने निरीक्षण के दौरान कुबेरेश्वर धाम क्षेत्र में बनाए गए पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य मार्ग के पास खेतों में बनाए गए पार्किंग स्थलों में सुगमता से वाहनों के आने जाने के लिए बनाए गए रैंप का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की अत्यंत भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए शहर के मुख्य स्थल जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य पहुँच मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

Previous article24 फरवरी से दिल्ली विधानसभा का सत्र शुरू,70 नवनिर्वाचित विधायक लेंगे शपथ
Next articleग्राम जानपुर बावडिय़ा हाई स्कूल बना शादी हॉल,मृत्युभोज सहित अन्य कार्यक्रमों का स्थल