न्यूयॉर्क (ए)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तीसरे विश्व युद्ध को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जिस तरह के हालात चल रहे हैं उससे लगता है कि तीसरा विश्व युद्ध ज्यादा दूर नहीं है। लेकिन मेरा अमेरिका के राष्ट्रपति पद पर होना इसे रोकेगा। मेरे पास विश्व युद्ध को रोकने का प्लान है।
मियामी में एक सभा को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हम दुनियाभर में चल रहे युद्धों को समाप्त करने और दुनिया में शांति बहाल करने में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। हम नहीं चाहते कि अब और ज्यादा लोग युद्ध की वजह से मरें। उन्होंने कहा कि अगर हम मध्य-पूर्व और यूक्रेन में हुई मौतों को देखें को आप समझ सकते हैं कि आप तीसरे विश्व युद्ध से ज्यादा दूर नहीं है। ट्रंप ने अपने पूर्ववर्ती बाइडन प्रशासन को निशाने पर लेते हुए कहा कि अगर में एक साल और बाइडन का राज होता तो निश्चित तौर पर दुनिया तीसरे विश्व युद्ध को देख रही होती। लेकिन अब जबकि मैं अमेरिका का राष्ट्रपति हूं तो अब ऐसा कुछ नहीं होने वाला। अमेरिका के राष्ट्रपति ने यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिकी और रूसी प्रतिनिधियों की मेजबानी करने के लिए सऊदी अरब को भी धन्यवाद दिया और दोनों पक्षों की बातचीत को शांति के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर यूक्रेनी राष्ट्रपति की आलोचना भी की। उन्होंने जेलेंस्की को एक मामूली सफल कॉमेडियन बताया।ट्रंप ने कहा कि जेलेंस्की यूक्रेन में बिना किसी चुनाव के सत्ता में बने हुए हैं।
वह एक तानाशाह की तरह काम कर रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप का जेलेंस्की की आलोचना करना अमेरिका के बदलते रुख को दिखाता है। इससे पहले अमेरिका इस युद्ध में यूक्रेन का खुलकर समर्थन करता नजर आता था लेकिन ट्रंप प्रशासन के आने के बाद अमेरिका रूस के पक्ष में जाता हुआ दिखाई दे रहा है।








