आयोजन में गड़बड़ी होने पर समिति की जिम्मेदारी तय करने के साथ ही दी जाने वाली सुविधाओं का शुल्क वसूले प्रशासन – पंकज शर्मा
सीहोर । सीहोर के समीपस्थ चितावलिया हेमा गांव में आगामी 25 फरवरी से होने वाले रुद्राक्ष महोत्सव और शिवमहापुराण कथा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और सीहोर जिला प्रशासन, पुलिस नगरपालिका इसको सफल बनाने के लिए जी-जान से जुटे हैं तथा आम जनता सहित समाज के सभी वर्गों के लोग भी इस आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने-अपने स्तर से प्रयास कर रहे हैं । इस संबंध में अपने कुछ सुझावों को लेकर जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा ने शुक्रवार को सीहोर कलेक्टर बालागुरु के. से मिलकर उनको एक ज्ञापन सौंपा । ज्ञापन के माध्यम से पंकज शर्मा ने कलेक्टर से इस आयोजन के संबंध में कुछ सुझाव और मांगें रखी हैं । इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए पंकज शर्मा ने बताया कि सीहोर नगर के समीपस्थ चितावलिया हेमा गांव में आगामी 25 फरवरी से रुद्राक्ष महोत्सव और शिवमहापुराण कथा होने जा रही है, जिसके लिए शासन-प्रशासन द्वारा भव्य स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं और सीहोर के समाज के सभी वर्गों के अध्यक्ष अपने-अपने स्तर पर सहयोग भी कर रहे हैं । पंकज शर्मा ने कहा कि इस आयोजन के पूर्व के इतिहास को देखा जाए तो इसमें लगभग पूरा सीहोर और यहां का प्रत्येक व्यक्ति अपना सहयोग प्रदान करता है लेकिन इसमें समिति हर बार अपनी जिम्मेदारी से बचती नजर आती है । यहां पूर्व में हुई अव्यवस्थाओं की वजह से कई लोगों की जान चली गई है और अनेकों लोग घायल भी हुए थे लेकिन सीहोर जिला प्रशासन ने श्री विट्ठलेश सेवा समिति पर कोई कार्यवाही नहीं की जिससे समिति का हौसला बुलंद हो गया है और वो निरंतर मनमानियां करने पर उतारू है । पंकज शर्मा ने आगे कहा कि कथा के आयोजन में सीहोर जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगरपालिका सहित अन्य सभी विभागों द्वारा भी अपने संसाधनों सहित सक्रिय सहयोग प्रदान किया जाता है और इसके लिए समिति से कोई शुल्क भी नहीं लिया जाता है । सीहोर नगर के संसाधन और पुलिस बल कथा में झोंक देने से सीहोर की कानून व्यवस्था सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं भी चरमरा जाती हैं । इसलिए पंकज शर्मा ने इस बार जिला प्रशासन द्वारा श्री विट्ठलेश सेवा समिति को अपने स्तर पर कथा के लिए संसाधन जुटाने का निर्देश देने और जो व्यवस्थाएं जिला प्रशासन, नगरपालिका और पुलिस उनको प्रदान करती है उसके लिए समिति से शुल्क वसूल किए जाने की मांग की है । पंकज शर्मा ने कहा है कि चूंकि समिति आर्थिक रूप से सक्षम है और जो काम वो कर रही है वो देशसेवा या समाजसेवा का ना होकर व्यक्तिगत हित का मामला है इसलिए उससे ये सब खर्चे वसूल किए जाने चाहिए ताकि शासन के पैसे की बचत हो सके । इसके साथ ही पंकज शर्मा ने कथा में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था होने पर समिति की जिम्मेदारी तय करते हुए उसके खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई भी किए जाने की मांग जिला प्रशासन से की है ताकि समिति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन ठीक से करे क्योंकि कार्यवाही के अभाव में समिति लापरवाही बरतती है जिसका खामियाजा आम जनता को अपनी जान और माल की कीमत देकर चुकाना पड़ता है । पंकज शर्मा ने साथ ही पिछले वर्षों में समिति की लापरवाही और अव्यवस्थाओं से हुई मौतों के लिए भी श्री विट्ठलेश सेवा समिति के कर्ताधर्ताओं पर आपराधिक मामला कायम किए जाने की मांग जिला प्रशासन से की ताकि भविष्य में ना केवल ये समिति बल्कि कोई अन्य व्यक्ति या संस्था भी अपने आप को देश के कानून से ऊपर समझकर संविधान का उल्लंघन करने का साहस ना कर सके ।








