जिले में परीक्षाओं की तैयारियां समय से पहले सुनिश्चित करें अधिकारी – जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन
सीहोर/माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की हायर सेकेण्डरी स्कूल परीक्षा 25 फरवरी 2025 एवं हाईस्कूल परीक्षा 27 फरवरी से प्रदेश के साथ ही जिले 103 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। जिले में परीक्षा की तैयारियों के संबंध में जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्याक्षों एवं सहायक केंद्राध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को समय से पहले परीक्षा की सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं के सुचारू रूप से संचालन के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल के दिशा निर्देश का पालन करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री संजय सिंह तोमर ने बोर्ड परीक्षा की सभी तैयारियों के बारे में बिंदुवार विस्तार से जानकारी दी। बैठक में जानकारी दी गई कि परीक्षा केंद्रों के केन्द्राध्यक्षों और सहायक केन्द्राध्यक्षों को 21 फरवरी को परीक्षा केन्द्र पर नियुक्ति पत्र प्रदान किये जायेंगे। इसके साथ ही बैठक में अन्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री संजय सिंह तोमर, सहायक संचालक सुश्री सलोनी शर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।







