बलिया(आरएनएस)। बलिया के प्लेटफार्म नम्बर 4 पर खड़ी कामायनी एक्सप्रेस ट्रेन से विस्फोटक पदार्थ मिलने की सूचना के बाद रेल प्रशासन में हडक़ंप मच गया। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को खाली करा लिया।यह ट्रेन बलिया से 12:45 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनल के लिए रवाना होती है, जो प्रयागराज होते हुए मुंबई तक जाती है। फिलहाल ट्रेन को प्लेटफार्म से हटा कर वाशिंग पिट पर खड़ा किया गया है। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर फोरेंसिक टीम और बम डिस्पोजल स्क्वाड को घटनास्थल पर भेज दिया है। इसके साथ ही डॉग स्क्वायड के साथ ट्रेन की बोगियों और प्लेटफार्म पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। सर्च ऑपरेशन जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।








