भोपाल (आरएनएस)। नगर निगम द्वारा सडक़ों, फुटपाथों, कॉरीडोर व सार्वजनिक स्थलों आदि से अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही निरंतर की जा रही है। इसी तारतम्य में निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के दलों ने सोमवार को जिला प्रशासन एवं स्मार्ट सिटी की कार्यवाही में सहयोग करते हुए टी.टी. नगर स्थित सीएम राईज स्कूल की बाउंड्रीवॉल के पास रखी दुकानों के अलावा एम.ए.सिटी कॉलेज, जवाहर चौक आदि क्षेत्रों से ठेले, गुमठी के अलावा अवैध रूप से निर्मित शेड, दुकाने, छप्पर आदि तोडऩे की कार्यवाही की। निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन के निर्देषों के परिपालन में नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के दलों ने सोमवार को टी.टी. नगर स्टेडियम के समीप सी.एम.राईज की बाउंड्रीवॉल के समीप अवैध रूप से लगी 42 दुकानों को जे.सी.बी मशीनों व श्रमिकों के माध्यम से हटाने की कार्यवाही की। निगम अमले ने दुकानों के अलावा अन्य प्रकार के अतिक्रमणों को भी हटाया। निगम अमले ने एम.ए.सिटी कॉलेज व जवाहर चैक क्षेत्र में भी अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही करते हुए अवैध रूप से लगाए गए ठेले, गुमठी, शेड, छप्पर आदि को भी तोड़ा। निगम अमले ने समझाइश भी दी कि पुन: अतिक्रमण न करें अन्यथा और अधिक कठोर कार्यवाही की जाएगी।








