भोपाल(ए)। निशातपुरा इलाके में तेज रफ्तार स्कूल बस ने स्कूटी सवार बीएससी छात्रा को टक्कर मार दी। घटना में गंभीर रुप से घायल युवती को इलाज के लिये निजी अस्पताल पहुंचाया गया था जहां कुछ घंटे चले इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक शंकर नगर में रहने वाली नम्रता अहिरवार पुत्री गनपत सिंह (23) बीएससी की छात्रा थी, साथ ही गांधी नगर में प्रायवेट जॉब करती थी। रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह स्कूटी से करोंद होते हुए गांधी नगर की ओर जा रही थी। शाम करीब पॉच बजे एलेस्की गार्डन के सामने उसे बंसल स्कूल कीतेज रफ्तार बस के चालक ने लापरवाही पूर्वक बस चलाते हुए नम्रता के दो पहिया वाहन को टक्कर मार दी। बस की चपेट में आने से बुरी तरह घायल होने पर उसे नाजूक हालत में इलाज के लिये पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहॉ उसे भर्ती कर उपचार शुरु किया गया। इलाज के दौरान रात करीब 9 बजे उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।








