श्रद्धालुओं ने क्षेत्र के कल्याण की कामना के साथ यज्ञ देवता को आहुतियां प्रदान की
सीहोर। शहर के छावनी स्थित प्राचीन चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर में जारी सात दिवसीय महायज्ञ एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतिम दिवस बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने क्षेत्र के कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर यज्ञ देवता को आहुतियां प्रदान की। इस मौके पर नगर पुरोहित यज्ञाचार्य पंडित पृथ्वी वल्लभ दुबे सहित अन्य विप्रजन उपस्थित थे। इस मौके पर पंडित श्री दुबे ने कहा कि मंदिर समिति के तत्वाधान में महोत्सव का आयोजन किया गया था। जिसमें प्रतिदिन नित्य पूजन के अलावा यहां पर मूर्तियों को प्राण-प्रतिष्ठा का आयोजन पूर्ण विधि-विधान से किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोहर राय ने बताया कि क्षेत्रवासियों के अलावा समिति के सहयोग से सात दिवसीय महायज्ञ एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन पूरे भव्य रूप से किया गया। महोत्सव में पंडित चेतन उपाध्याय सहित अन्य मौजूद थे। पंडित श्री उपाध्याय ने बताया कि प्राचीन मंदिर परिसर को पूर्ण रूप से सजाया गया है, इसके पश्चात भगवान शिव परिवार के अलावा हनुमान जी की प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। महोत्सव की शुरूआत गत चार फरवरी को हुई थी, इस मौके पर कलश यात्रा निकाली गई थी। वहीं सोमवार को प्राण-प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति एवं भोजन प्रसादी का वितरण किया गया। छावनी क्षेत्र में मंदिर काफी प्राचीन है और हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केन्द्र है।








