नई दिल्ली (ए.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ माहौल बनाने में कामयाब रही, लेकिन जनता ने उन्हें राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता में लाने के लिए जनादेश नहीं दिया। खरगे ने जनादेश को स्वीकार करते हुए कहा कि कांग्रेस दिल्ली में प्रदूषण, यमुना सफाई, बिजली, सडक़, पानी और विकास के मुद्दों को उठाती रहेगी और जनता से जुड़ी रहेगी। उन्होंने कहा, दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जनता के हित में सरकार के खिलाफ माहौल बनाया था। लेकिन जनता ने हमें जनादेश नहीं दिया, जैसा कि हम उम्मीद कर रहे थे। हम जनादेश को स्वीकार करते हैं। खरगे ने कहा, विपरीत परिस्थितियों में कांग्रेस का हर नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर काम कर रहा था। लेकिन अभी भी और कड़ी मेहनत और संघर्ष की जरूरत है।
लगातार तीसरी बार करना पड़ा हार का सामना
कांग्रेस को दिल्ली में लगातार तीसरी बार चुनावी हार का सामना करना पड़ा। पार्टी दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा में एक भी सीट नहीं जीत पाई और उसे प्रमुख सीटों में भी हार का सामना करना पड़ा। यह तीसरी बार था, जब कांग्रेस को दिल्ली विधानसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली। इससे पहले 2020 और 2015 के चुनावों में भी कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी।








