वाशिंगटन (ए.)। अमेरिका में अंडों की भारी किल्लत हो रही है, जिसके चलते कीमतें आसमान छू रही हैं और चोरी के मामले भी सामने आ रहे हैं। पेंसिल्वेनिया शहर में एक डिलीवरी ट्रेलर से लगभग एक लाख अंडों की चोरी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी हुए अंडों की कीमत 40,000 डॉलर बताई जा रही है।
अंडों के दाम आसमान छू रहे
अमेरिका में अंडों की कमी के चलते कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं. एक कार्टन अंडे की कीमत 7 डॉलर तक पहुंच गई है। अंडा अमेरिकी नागरिकों के नाश्ते का एक अहम हिस्सा है, लेकिन कीमतों में बढ़ोतरी के कारण लोगों का बजट बिगड़ गया है।
चोरी की जांच कर रही है पुलिस
पुलिस के अनुसार, चोरी ग्रीन कैसल में पीट एंड गेरी ऑर्गेनिक्स एलएलसी में हुई। पुलिस का कहना है कि अभी उनके पास ज्यादा जानकारी नहीं है और मामले की जांच की जा रही है।
बर्ड फ्लू के कारण हुई अंडों की कमी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका में अंडों की कमी की मुख्य वजह बर्ड फ्लू है। बर्ड फ्लू के कारण लाखों मुर्गियों की मौत हो गई, जिसके चलते अंडों का उत्पादन घट गया है। किसान समूह यूनाइटेड एग प्रोड्यूसर के अनुसार, 2022 में बर्ड फ्लू के कारण 104 मिलियन अंडे देने वाली मुर्गियों की मौत हो गई थी। इसके अलावा, अक्टूबर में 29 मिलियन मुर्गियों की मौत हुई थी।
कीमतों में और बढ़ोतरी की आशंका
अमेरिकी कृषि विभाग के अनुसार, मिडवेस्ट में एक दर्जन बड़े अंडों की थोक कीमत अब औसतन $7.08 है, जो दो साल पहले की कीमत से लगभग सात गुना अधिक है। न्यूयॉर्क शहर में, होल फूड्स इंक में एक दर्जन अंडों के एक कार्टन की कीमतें $11.99 तक पहुंच गई हैं। राष्ट्रीय खुदरा विक्रेता ने शहर की कुछ जगहों पर ग्राहकों के लिए तीन-कार्टन खरीद की सीमा रख दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि अंडों की कमी और कीमतों में बढ़ोतरी आने वाले समय में भी जारी रह सकती है।
000








