न्यूयॉर्क ,,(आरएनएस)।कनाडा के कार्यवाहक प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ फोन पर बातचीत हुई। ट्रंप के टैरिफ वॉर की घोषणा के बाद दोनों नेताओं में यह पहली बातचीत थी। ट्रंप लगातार यूटर्न लेते दिख रहे हैं। दरअसल, शपथ लेने के बाद से अमेरिकी राट्रपति दूसरे देशों पर टैरिफ की बरसात कर रहे थे। लेकिन बीते दिन उन्होंने मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम से फोन पर बात कर टैरिफ को टालने पर सहमति जताई।
डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के कार्यवाहक प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो से फोन पर बात की। ट्रूडो ने कहा कि ट्रंप के साथ बातचीत अच्छी रही और उन्होंने निर्यात पर लगाए गए 25 प्रतिशत टैरिफ को कम से कम 30 दिनों के लिए रोकने पर सहमति जताई है।
दोनों नेताओं ने अवैध प्रवासी और फेंटेनाइल पर चिंताओं को दूर करने के लिए काम करने पर सहमति व्यक्त की है। कनाडा ने भी अमेरिकी आयात पर जवाबी 25 प्रतिशत टैरिफ की घोषणा की थी, जिसे मंगलवार को लगाया जाना था। ओटावा के टैरिफ बीयर, वाइन, घरेलू उपकरणों और खेल के सामान जैसी वस्तुओं पर लगाए जाने थे।








