आयरलैंड में भीषण सडक़ हादसा, पेड़ से टकराई कार; 2 भारतीय छात्रों की हुई मौत

Join Us

लंदन (ए.)। दक्षिणी आयरलैंड के कार्लो काउंटी में एक कार के पेड़ से टकरा जाने के कारण दो भारतीय छात्रों की मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आयरिश पुलिस ने इस हादसे को लेकर जानकारी दी है। स्थानीय पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की ओर से घातक सडक़ हादसे के बाद चेरेकुरी सुरेश चौधरी और चिथूरी भार्गव को घटनास्थल पर मृत घोषित कर दिया। आयरलैंड की राजधानी डबलिन स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी किया। दूतावास ने कहा, ‘‘डबलिन स्थित भारतीय दूतावास, काउंटी कार्लो में एक कार दुर्घटना में दो भारतीय नागरिकों श्री चेरेकुरी सुरेश चौधरी और चिथूरी भार्गव की दुखद मृत्यु पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।’’ इसमें कहा गया है, ‘‘दूतावास की टीम मृतकों के परिवार और मित्रों के संपर्क में है तथा दुर्घटना में घायल हुए दो भारतीय नागरिकों को भी हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है।’’ कार्लो गार्डा स्टेशन के अधीक्षक एंथनी फैरेल ने कहा, ‘‘एक काले रंग की ऑडी ए6 कार कार्लो शहर की ओर जा रही थी, जब वह सडक़ पार कर ग्राइगुएनास्पिडोज में एक पेड़ से टकरा गई। कार में सवार दो अन्य यात्री, 20 वर्ष की आयु के एक पुरुष और एक महिला, को गंभीर हालत में किलकेनी के सेंट ल्यूक जनरल अस्पताल ले जाया गया लेकिन दोनों खतरे से बाहर हैं।

Previous articleहमास ने गाजा में मानवीय संकट की चेतावनी दी, अंतर्राष्ट्रीय कार्रवाई का किया आग्रह
Next articleकुंभ भगदड़ पर विपक्ष का हंगामा, लोकसभा में गरमाई बहस