ग्राम कुलांस कलां में हो रहे जातिगत भेदभाव की सूचना मिलने पर पहुंचे कांग्रेस नेता

Join Us

 मासूम बच्चों के साथ जाति के नाम पर भेदभाव करते हुए गाली गलौज और मारपीट करने वालों पर हो कठोर कार्रवाई – पंकज शर्मा
सीहोर । सीहोर जिले के इछावर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुलांस कलां में अनुसूचित जाति के एक मासूम स्कूली बच्चे के साथ जातिगत आधार पर भेदभाव किए जाने का मामला सामने आया है । मामले की जानकारी लगते ही कांग्रेस नेता पंकज शर्मा तत्काल ग्राम कुलांस कलां पहुंचे और ग्रामवासियों से मामले की पूरी जानकारी ली । इस दौरान बहुत ही हैरान कर देने वाला तथ्य सामने आया । मामले के अनुसार ग्राम कुलांस कलां में मंगलवार 21 जनवरी को एक तेरहवीं का कार्यक्रम था जिसमें ग्राम का अनुसूचित जाति वर्ग का एक नाबालिग स्कूली बच्चा भूलवश तथाकथित बड़े समाज के लोगों के लिए बनी पंक्ति में जाकर बैठ गया था जिसे इस तथाकथित ऊंचे समाज के एक व्यक्ति ने ना केवल उसे जातिगत गालियां दी बल्कि उसे बेरहमी से मारकर वहां से भगा दिया, जिसके बाद वह बच्चा रोते हुए अपने घर पहुंचा और घरवालों को पूरी बात बताई लेकिन दबंगों के आतंक के कारण उन्होंने पुलिस या कानून की सहायता ना लेते हुए चुप रहना ही बेहतर समझा और मामले में किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं की । कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने बताया कि उन्हें गांव के ही कुछ अन्य लोगों के माध्यम से घटना की जानकारी लगी और वे तत्काल मौके पर पहुंचे जहां पड़ताल करने पर मामला सही पाया गया । पंकज शर्मा ने कहा कि आश्चर्य तो इस बात का है इतना सब होने के बाद भी और पंकज शर्मा के आग्रह करने के बाद भी पीड़ित मासूम के घरवाले दबंगों के आतंक के कारण उनके खिलाफ कोई भी कार्यवाही करने को तैयार नहीं हुए । पंकज शर्मा ने कहा कि उन्होंने कुछ महिलाओं और बच्चियों से भी चर्चा की जिसमें उन्होंने कहा कि उन्हें केवल अनुसूचित जाति का होने के कारण मंदिर में प्रवेश नहीं दिया जाता और वहां से डांटकर भगा दिया जाता है और यदि कभी वो मंदिर चली भी जाएं तो मंदिर को धोकर पवित्र किया जाता है, उन्होंने कहा कि हम पीढ़ियों से ये भेदभाव बर्दाश्त कर रहे हैं लेकिन अब ये सब हमारी बर्दाश्त से बाहर है और अब ये बंद होना चाहिए तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए, जिसके बाद पंकज शर्मा ने जिला प्रशासन से इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने तथा आने वाली पीढ़ी को जातिगत भेदभाव के दंश से बचाने की मांग की है ।

Previous articleआर्य समाज महाराणा प्रताप कॉलोनी गंज सीहोर का तीन दिवसीय कार्यक्रम सम्पन्न
Next articleकांटे के मुकाबले में सीहोर गर्ल्स ने सीहोर क्लब को 1-0 से हराया