भोपाल, (आरएनएस)। टीटी नगर क्षेत्र से चार किमी दूर कोटरा सुल्तानाबाद हाट बाजार की अव्यवस्था ने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मुख्य मार्ग पर लगने वाली दुकानों व सडक़ के दोनों ओर पसरे अतिक्रमण के चलते यहां यातायात की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। यह समस्या सिर्फ ट्रैफिक जाम तक सीमित नहीं है, बल्कि पिछले 14 सालों में यहां नौ लोगों की मौत हो चुकी है। आलम यह है कि मुख्य मार्ग और फुटपाथ के अलावा, हाट बाजार की दुकानें लोगों के घरों के दरवाजों तक लग रही हैं। स्थानीय निवासी अपने घरों में ही कैद होकर रह गए हैं। बाजार को शिफ्ट करने की मांग कर रहे रहवासियों को हर बार आश्वासन देकर टाल दिया गया। जबकि 30 साल पुराने कोटरा हाट बाजार को शिफ्ट करने के लिए नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने डेढ़ साल पहले प्लानिंग की थी, लेकिन यह योजना कागजों से बाहर नहीं निकल सकी। जिस जगह हाट बाजार को शिफ्ट किया जाना था। वहां झुग्गियों के अलावा अस्थायी मछली मार्केट और मीट मार्केट लगने लगा है। चूंकि शहर को झुग्गी मुक्त बनाने की दिशा में कार्य योजना बनाई जा रही है।
ऐसे में बापू नगर की झुग्गियों को शिफ्ट कर दिया जाए तो एक बड़ी समस्या का समाधान हो जाएगा।








