गांधीगीरी करते हुए नपा सीएमओ को भेंट किए गुलाब के फूल
विकास शुल्क को तत्काल वापस लेकर इसकी भरपाई कॉलोनाइजरों से करने के साथ ही अवैध कॉलोनियों की सूची जारी करे नपा
जीवन वाटिका सहित कई अवैध कॉलोनियों पर नपा की मेहरबानी समझ से परे
जनहित की दोनों मांगें ना माने जाने पर करेंगे उग्र आंदोलन और प्रदर्शन – पंकज शर्मा
सीहोर । सीहोर नगरपालिका द्वारा अवैध कॉलोनी में रहने वालों से लिए जा रहे भारी भरकम विकास शुल्क को वापस लेकर इसकी भरपाई कॉलोनाइजरों से किए जाने तथा सीहोर नगरीय क्षेत्र की सभी अवैध कॉलोनियों की सूची अखबारों में 3 दिनों तक लगातार विज्ञापन के माध्यम से जारी किए जाने की मांग को लेकर कांग्रेसजनों ने जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा के नेतृत्व में नपाध्यक्ष विकास प्रिंस राठौर के नाम संबोधित एक ज्ञापन नपा सीएमओ भूपेंद्र दीक्षित को सौंपा । सबसे पहले कांग्रेसजन स्थानीय तहसील चौराहा स्थित गांधी पार्क पहुंचे और वहां बापू की राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा को नमन किया तत्पश्चात सभी कांग्रेसजन नपा कार्यालय ज्ञापन देने पहुंचे । ज्ञापन के माध्यम से पंकज शर्मा ने कहा कि सीहोर नपा द्वारा अवैध कॉलोनी वासियों से लिया जा रहा भारी भरकम शुल्क अतार्किक है और इससे उनका बजट गड़बड़ाने से उनका स्वयं का घर बनाने का सपना अधूरा रह सकता है इसलिए इस टैक्स को तत्काल वापस लेकर इसकी भरपाई कॉलोनाइजरों से की जानी चाहिए । पंकज शर्मा ने आगे कहा कि इसके साथ ही सीहोर नगरीय क्षेत्र में आने वाली सभी अवैध कॉलोनियों की सूची सीहोर नपा द्वारा लगातार 3 दिनों तक विज्ञापन के माध्यम से सभी दैनिक अखबारों में प्रकाशित की जाए ताकि आम जनता इन अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों के चंगुल में फंसने से बच सके और उसकी गाढ़ी कमाई का पैसा बर्बाद होने से बच सके । पंकज शर्मा ने कहा कि अभी नपा द्वारा कुछ दिनों पहले अवैध कॉलोनियों की जो सूची जारी की गई थी वो आधी अधूरी थी, उसमें जीवन वाटिका सहित कई बड़ी अवैध कॉलोनियों के नाम ना होना आश्चर्यजनक ही नहीं बल्कि संदेहास्पद भी था कि क्यों नपा ने इस सूची में जीवन वाटिका का नाम नहीं दिया था, क्यों जीवन वाटिका को इतनी रियायत दी जा रही है, क्यों जीवन वाटिका सहित कई अन्य अवैध कॉलोनियों पर कार्यवाही नहीं की जा रही है जबकि उनके द्वारा इस विषय में शासन और प्रशासन को अवगत कराने हेतु पूर्व में ज्ञापन भी दिया जा चुका है । ज्ञापन के साथ ही कांग्रेसजनों ने नपा सीएमओ को गुलाब के फूल भेंट कर गांधीगीरी के माध्यम से उनसे अपनी मांगे माने जाने का आग्रह किया । इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए पंकज शर्मा ने बताया कि आज हमने नपाध्यक्ष के नाम का 2 सूत्रीय मांगों वाला ज्ञापन नपा सीएमओ को सौंपा है और इसके साथ ही हमने उन्हें गुलाब के फूल भेंट कर गांधीगीरी के माध्यम से अपनी दोनों मांगों को तत्काल माने जाने का आग्रह भी उनसे किया है लेकिन यदि सीहोर नपा परिषद द्वारा हमारी मांगों को नहीं माना गया तो आगे हम जनभावनाओं को देखते हुए जनहित में इस बारे में बड़ा आंदोलन और प्रदर्शन करेंगे जिसकी संपूर्ण जवाबदारी सीहोर नपा प्रशासन और नपा परिषद की होगी । ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओम वर्मा, जफर लाला, नपा में नेता प्रतिपक्ष विवेक राठौर, पार्षद प्रतिनिधि घनश्याम यादव, नरेंद्र खंगराले, सीताराम भारती, आसिफ अंसारी, अरुण मालवीय, पन्नालाल खंगराले, कमलसिंह अहिरवार, मांगीलाल टिमरई, दीपक सोनकर, सलीम भाई, भवरसिंह पेठारी, मेहमूद अली, शेरू खान, ममता शर्मा, दीपिका शर्मा, राजकुमार आदि कांग्रेसजन शामिल हैं ।








