आगरा ,(आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के आगरा में एक अनोखा मामला सामने आया है जहाँ घर में रखे सरसों के तेल को लेकर पति-पत्नी के बीच इतना विवाद हुआ कि बात तलाक तक पहुँच गई। पत्नी द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद, मामले को परिवार परामर्श केंद्र भेजा गया जहां काउंसलिंग के बाद दोनों के बीच समझौता कराया गया।
यह घटना आगरा के एक दंपत्ति से जुड़ी है जिनकी शादी साल 2020 में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद, पत्नी ने पति से घर के खर्चों के लिए पैसे मांगने शुरू कर दिए। आरोप है कि पति अक्सर इस बात को टाल देता था। पैसों की तंगी से जूझ रही पत्नी ने घर में रखे सरसों के तेल को अपने मायके में बेचना शुरू कर दिया। जब पति को इस बात का पता चला तो दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी नाराज़ होकर अपने मायके चली गई और पिछले दो महीनों से वहीं रह रही थी। आखिरकार, पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद मामले को परिवार परामर्श केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया।परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर डॉ. सतीश खिरवार ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि यह एक असामान्य मामला था। काउंसलिंग के दौरान, पत्नी ने बताया कि उसके पति उसे घर खर्च के लिए पैसे नहीं देते थे, जबकि पति ने बताया कि वह गाँव का रहने वाला है और उनके खेतों में सरसों की पैदावार होती है। पति का आरोप था कि जब वह घर में 2-3 लीटर सरसों का तेल लाता था, तो उसकी पत्नी उसे मायके ले जाकर बेच देती थी। पत्नी ने अपनी सफाई में कहा कि चूँकि उसके पति उसे खर्चे के लिए पैसे नहीं देते थे, इसलिए वह एक बार 2 लीटर तेल ले गई थी, और अब उसी बात को लेकर उसे तेल बेचने वाला कहा जा रहा है। काउंसलर डॉ. खिरवार ने बताया कि दोनों पक्षों को काउंसलिंग के दौरान समझाया गया और उनके बीच समझौता करा दिया गया है।








