नई दिल्ली ,(आरएनएस)। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वैंस के शपथ ग्रहण समारोह में भारत को भी न्योता मिला है। निमंत्रण पर विदेश मंत्री एस जयशंकर अमेरिका जाएंगे। 47वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में जयशंकर भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे। यात्रा के दौरान विदेश मंत्री अमेरिका आने वाले कुछ अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ भी बैठक करेंगे।
विदेश मंत्री एस जयशंकर 20 जनवरी को अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। विदेश मंत्रालय ने रविवार को कहा कि वाशिंगटन की अपनी यात्रा के दौरान जयशंकर ट्रंप प्रशासन के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक करेंगे।
इससे पहले अमेरिका के वर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडेन नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह से 5 दिन पहले बुधवार को ओवल ऑफिस से विदाई भाषण देंगे। 20 जनवरी को पद छोडऩे से पहले यह राष्ट्रपति के तौर पर अमेरिकियों और दुनियाभर के लोगों के लिए बाइडेन का अंतिम भाषण होगा, जो रात 8 बजे आरंभ होगा। वह सोमवार को विदेश मंत्रालय में अपने कार्यकाल की विदेश नीति पर केंद्रित एक भाषण देंगे।








