भोपाल (निप्र)। लगातार सर्द हवाएं चलने से प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को मैदानी क्षेत्रों में सबसे कम तीन डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में दर्ज किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस पर रहा।आठ शहरों में शीतलहर का प्रभाव रहा। दिन का सबसे कम 21.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रीवा एवं सीधी में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश में कहीं-कहीं बादल छा सकते हैं। ग्वालियर, चंबल संभाग में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को भोपाल, शाजापुर, शहडोल, जबलपुर, मंडला, सिवनी, सीहोर एवं नीमच में शीतलहर का प्रभाव रहा। भिंड, ग्वालियर, छतरपुर, पन्ना, सतना, मऊगंज में हल्का कोहरा रहा। गुरुवार को सभी शहरों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई। वर्तमान में उत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अब रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। शुक्रवार को कहीं-कहीं आंशिक बादल भी छा सकते हैं। ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा भी हो सकती है।








