जलती चिता के पास आते थे तांत्रिक, लगाया सीसीटीवी

Join Us

भोपाल,(आरएनएस)। भेल क्षेत्र के गांव खजूरीकलां में गांव के बाहर बने श्मशान घाट पर कुछ तांत्रिक आधी रात को जलती चिता के पास तंत्र क्रिया करने पहुंचते थे। इससे ग्रामीण परेशान हो गए थे। हाल ही में एक बाबा को गांव के लोगों ने पकडक़र पुलिस को भी सौंपा था। पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाए उसे थाने में छोड़ दिया था। अंतत: विश्राम घाट पर निगरानी रखने के लिए गांव के लोगों ने वहां सीसीटीवी लगा दिया है। खजूरीकलां के किसान प्रदीप सिंह ने बताया कि श्मशान घाट का रखरखाव गांव की समिति ही रुपये जुटाकर करती है। यहां प्रति सप्ताह दो से तीन लोगों की अंत्येष्टि की जाती है। पिछले डेढ़ वर्ष में कई बार स्वजन जब अस्थिसंचय के लिए पहुंचते थे, तो यहां तंत्र क्रिया किए जाने के साक्ष्य मिलते थे। यहां काले कपड़े से बने छोटे-छोटे पुतले, नींबू, सिंदूर आदि पड़ा मिला था। इससे गमगीन परिवार की भावनाएं काफी आहत होती थीं। इस तरह की घटना को को रोकने के लिए गांव के लोगों ने रात के समय वहां निगरानी भी रखना शुरु कर दी थी, लेकिन किसी को पकडऩे में सफलता नहीं मिली थी। 30-31 दिसम्बर (अमावस्या) की रात में ग्रामीणों ने जलती चिता के पास तांत्रित क्रिया करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ लिया। प्रेमनारायण नाम के व्यक्ति के पास से तंत्र क्रिया की सामग्री के अलावा चाकू भी बरामद किया गया था। ग्रामीणों ने लिखित शिकायत के साथ प्रेमनारायण को बिलखिरिया थाना पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने बिना कोई कार्रवाई किए उसे थाने से छोड़ दिया था। मंगलवार को श्मशान घाट में एक सीसीटीवी लगा दिया गया है। समिति मोबाइल फोन के माध्यम से रात के श्मशान घाट पर निगरानी रखेगी।

Previous articleभाजपा को कमाई का जरिया बनाया : सिंघार
Next articleडॉक्टर का निकला जेल में मिला संदिग्ध ड्रोन, पुलिस ने ली राहत की सांस