अमेरिका में बर्फीले तूफान ने बरपाया कहर, लाखों घरों की कटी बिजली; 2,400 उड़ानें रद्द-50 ट्रेनें रद्द

Join Us

वाशिंगटन (आरएनएस)। अमेरिका में बर्फीले तूफान की वजह से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारी बर्फबारी के चलते लाखों लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। सडक़ों पर बर्फ जम गई है जिसकी वजह से हुए हादसों में लोगों की मौतें भी हुई हैं। बर्फीले तूफान ने अमेरिका के एक दर्जन से अधिक राज्यों को अपनी चपेट में लिया है। मिडिल अमेरिका के कैनसस से लेकर पूर्वी तट पर न्यू जर्सी तक छह करोड़ से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
सोमवार दोपहर तक मिसौरी से वर्जीनिया तक 175,000 से अधिक लोग बिना बिजली के रहने को मजबूर थे। बर्फीले तूफान की वजह से 2,400 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं और हजारों विमानों ने देरी से उड़ान भरी। तूफान की वजह से रेल यात्रा भी बुरी तरह प्रभावित हुई। नेशनल रेलरोड पैसेंजर कॉरपोरेशन ने 50 से अधिक ट्रेनें रद्द कर दी हैं। तूफान से संबंधित यातायात दुर्घटनाओं में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और दर्जनों अन्य घायल हुए हैं।
चैपमैन और सेंट जॉर्ज, कंसास में 18 इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि कैमरून, मिसौरी और मेसन, वेस्ट वर्जीनिया में 10 इंच से अधिक बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग की मानें तो तूफान के कारण कई इलाकों में तापमान -18 डिग्री तक जा सकता है। बर्फबारी, सर्द हवा और लगातार गिरते तापमान के कारण देश के कुछ हिस्सों में यात्रा की स्थिति खतरनाक हो गई है। केंटकी के गवर्नर एंडी बेशर ने लोगों से घरों में रहने का आग्रह किया है।

Previous articleभारतीय मूल की इस नेता को बनाया जा सकता हैं कनाडा का प्रधानमंत्री
Next articleदुनिया के सबसे बड़े मुस्लिम आबादी वाले मुल्क की ‘ब्रिक्स’ में एंट्री, बना 11वां देश