भोपाल (आरएनएस)। मौसम में बार-बार बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। अस्पतालों में भी वायरल के साथ सर्दी, जुकाम और निमोनिया के मरीजों की भीड़ लग रही है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एम्स, भोपाल में बीते चार दिन में 15 हजार से ज्यादा मरीज पहुंचे। वहीं इस दौरान हमीदिया अस्पताल की ओपीडी में भी 6500 मरीज इलाज कराने पहुंचे। डॉक्टरों का कहना है कि बीते कुछ दिनेां से पारा बहुत कम है। दिन में भी शीत लहर जैसी स्थिति है, ऐसे में वायरल बुखार के मामले बढ़ रहे हैं। खासकर, बच्चों को ज्यादा दिक्कतें हो रही हैं। बच्चों के फेंफड़ों में संक्रमण और निमोनिया के मामले भी करीब 30 फीसदी तक बढ़ गए हैं। मालूम हो कि बीते सप्ताह एम्स अस्पताल की आपीडी में 9041 मरीज इलाक क लिए पहुंचे थे। राजधानी में यह पहला मौका था, जब एक दिन में किसी अस्पताल में इतने मरीज पहुंचे हों। वहीं बीते साल दिसम्बर में एक महीने में यहां 1.20 लाख मरीज ओपीडी में पहुंचे थे।








