वाशिंगटन (आरएनएस)। अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में नए साल पर कई लोगों को ट्रक से रौंदने वाले हमलावर शम्सुद-दीन जब्बार पर हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं। राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि हमलावर जब्बार ने अकेले ही ये हमला किया था। बाइडन ने कहा कि उसे आईएसआईएस का प्रबल समर्थन था। बुधवार की सुबह जब्बार ने अपने पिकअप ट्रक को भीड़ से भरी बॉर्बन स्ट्रीट में घुसा दिया था, जिससे कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 35 घायल हो गए।
आतंकी हमले के एंगल से जांच कर रही एफबीआई
एफबीआई इस घटना की जांच आतंकवादी हमले के एंगल से कर रही है। 42 वर्षीय जब्बार की स्थानीय पुलिस के साथ गोलीबारी में मौत हो गई। वो एक पूर्व अमेरिकी सैनिक था। वह ह्यूस्टन का रहने वाला था और गाड़ी चलाकर न्यू ऑरलियन्स गया था।
बाइडन ने कहा कि एफबीआई ने मुझे बताया कि अभी तक हमें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि हमले में कोई और शामिल है। उन्होंने पाया है कि हमलावर वही व्यक्ति था जिसने भीड़ में अपनी गाड़ी घुसाने से कुछ घंटे पहले ही फ्रेंच क्वार्टर में दो नजदीकी स्थानों पर उन आइस कूलर में विस्फोटक रखे थे।








