भोपाल (आरएनएस)। गृह विभाग ने अपने आदेश में 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी विवेक शर्मा को अब परिवहन आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी है, विवेक शर्मा इस समय बतौर एडीजीपी योजना के पद पर पुलिस मुख्यालय भोपाल में पदस्थ हैं, अब उनकी सेवाएं परिवहन विभाग को सौंप दी गई हैं। राज्य शासन ने डीपी गुप्ता को फि़लहाल कोई जिम्मेदारी नहीं दी हैं, वहीं विवेक शर्मा को परिवहन आयुक्त बनाये जाने के बाद योजना विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी एडीजीपी प्रबंध योगेश चौधरी को सौंपी है वे अगले आदेश तक एडीजीपी प्रबंध के साथ साथ एडीजीपी योजना का दायित्व भी निभाएंगे, माना जा रहा है कि इस तबादले के पीछे सौरभ शर्मा का मामला है। एडीजी डीपी गुप्ता को 4 फरवरी 2024 को परिवहन आयुक्त बनाया गया था। इस पद पर उनकी नियुक्ति के बाद एडीजी रैंक के एक अन्य अधिकारी उमेश जोगा की भी शासन ने वहां पदस्थापना की थी। ऐसा पहली बार हुआ था कि एडीजी रैंक के दो अधिकारी परिवहन विभाग में आयुक्त और अपर आयुक्त के रूप में पदस्थ हुए थे।







