भोपाल (आरएनएस)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने नए साल 2025 की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों की खुशहाली और उन्नति की कामना की है। उन्होंने कहा कि नया वर्ष समतामूलक समावेशी समाज में प्रदेशवासियों के जीवन में सहजता, सरलता, सौम्यता का समावेश कर सफलता, सुदृढ़ता और सकारात्मकता की भावना जागृत हो और नये आयामों के साथ कीर्तिमान स्थापित कर अपने जीवन पथ को ऊंचाईयों की ओर अग्रसर करने में अपने कर्तव्यों का निर्वहन हो। श्री पटवारी ने कहा कि प्रदेशवासी अमन-चैन, भाईचारे की भावना के साथ मिलजुल कर रहें। जो लोग अपना सामान्य जीवन जीने अपनी जरूरतों के लिये जद्दोजहद कर रहे हैं, उनकी जरूरतें, उनकी इच्छाएं पूर्ण हो, जो लाचार, वेवश और परेशान है, उन्हें उनकी हर समस्याओं से मुक्ति मिले, ताकि नये साल में उनके जीवन में नया प्रकाशपुंज स्थापित हो सके और सभी विकास पथ पर आगे बढ़ सके, ताकि हर चेहरे पर खुशियां मुस्कुरायें। श्री पटवारी ने प्रदेश के वर्तमान हालातों पर चिंता जाहिर करते हुये कहा कि प्रदेश कर्ज में डूबता जा रहा है, बेलगाम भ्रष्टाचार और अपराध से प्रदेश अराजकता की ओर अपने पैर पसार रहा है नशीले मादक पदार्थों की तस्करी, उसके सेवन से युवा वर्ग का भविष्य अंधकारमय हो रहा है और वह अपने उद्देष्यों से भटक रहा है, किसानों की दुर्दशाऔर महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाओं से प्रदेश पूरी दुनिया में शर्मसार हो रहा है। प्रदेशवासी इन सब परिस्थितियों से निजात पाने के लिए जन-जागरण अभियान चलाकर जागरूकता पैदा करें, वीणा उठायें, संकल्प ले, दृढ़इच्छाषक्ति पैदा करें, ताकि प्रदेश में अराजकता का माहौल निर्मित न हो सके।
श्री पटवारी ने कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रदेश की जनता से आग्रह किया कि कांग्रेस पार्टी पूरी जिम्मेदारी के साथ विपक्ष में अपना दायित्व निभा रही है। प्रदेश की जनता के साथ अन्याय, अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। जनता को न्याय और उनकी मूलभूत सुविधायें दिलाने कांग्रेस पार्टी कटिबद्ध है।
श्री पटवारी ने एक बार पुन: प्रदेशवासियों को नये साल की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुये कहा कि हमारा प्रदेश रोग-शोक और अवसाद मुक्त रहे।
–







