बैतूल (आरएनएस)। शराब की लत छुड़वाने के नाम पर हरदा रोड स्थित राजा की बैठक गांव (ढ़ाना) में दो बाबाओं द्वारा पिलाए गए जमरास की जड़ के काढ़े से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग समेत पांच लोग बीमार हो गए। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे लगभग 12 लोगों ने दो-दो गिलास काढ़ा पिया था। कुछ ही देर में घबराहट और उल्टियां शुरू हो गईं। आठनेर के देहगुड़ निवासी किसान रामकिशोर झाड़े (35) और चिचोली के इमलीढ़ाना निवासी संजय उइके (22) ने दम तोड़ दिया। मृतक संजय के भाई विजय उइके व राकेश उइके (17), देहगुड़ के मोहन अमरुते और केलबेहरा के सहादेव इवने व रामदास अहाके को चिचोली के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।दोपहर 3.51 बजे सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी बाबा रमेश उइके (62), ओझा परते (60) और सहयोगी शरद कड़वे को हिरासत में लेकर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। संदिग्ध लिक्विड और जड़ी-बूटियां जांच के लिए लैब भेजी गई हैं।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पाथाखेड़ा निवासी दोनों बाबा रमेश उइके और ओझा परते अपने साथी शरद कड़वे के साथ मिलकर 20 से अधिक वर्षों से हर रविवार व बुधवार को अवैध शिविर लगा रहे थे। लोग शरद के फोन नंबर पर बुकिंग कराकर शिविर में पहुंचते थे। वहीं, वनस्पति विज्ञान के जानकारों के अनुसार जमरास की जड़ में कार्डियो-टॉक्सिक तत्व होते हैं, जो बिना शोधन के सीधे हृदय व पाचन तंत्र पर घातक असर डालते हैं।कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे बोले अज्ञात वस्तु के सेवन से मौत हुई है। अवैध शिविर चलाने वालों की तलाश होगी। जिले में नशा मुक्ति केंद्र के प्रस्ताव बुलाए गए हैं।
0








