नई दिल्ली, (आरएनएस)। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक बातचीत जारी होने की खबरें हैं। इस बीच बीबीसी बांग्ला की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत ने उनकी वापसी को लेकर दो महत्वपूर्ण शर्तें रखी हैं। इनमें बांग्लादेशी सेना के जरिए उनकी सुरक्षित वापसी और निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग शामिल बताई गई है। हालांकि, भारत सरकार ने इन कथित शर्तों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पहली शर्त : बांग्लादेशी सेना संभाले वापसी की जिम्मेदारी
बीबीसी बांग्ला की रिपोर्ट के अनुसार, भारत चाहता है कि शेख हसीना को वापस ले जाने की जिम्मेदारी बांग्लादेश की सेना उठाए। इसके लिए बांग्लादेश अपनी सैन्य उड़ान दिल्ली भेज सकता है या सेना के माध्यम से उन्हें सीमा तक पहुंचाने की व्यवस्था कर सकता है।\गौरतलब है कि 5 अगस्त 2024 को सत्ता छोडऩे के बाद शेख हसीना सैन्य विमान से भारत पहुंची थीं। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत उनकी वापसी की प्रक्रिया को भी सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने का इच्छुक है।रिपोर्ट में भारत की दूसरी कथित शर्त शेख हसीना को कानूनी सुरक्षा देने से संबंधित बताई गई है। इसके तहत बांग्लादेश लौटने पर उन्हें अदालत में अपना पक्ष रखने और मौत की सजा के खिलाफ अपील करने का पर्याप्त अवसर दिए जाने की बात कही गई है।
इसके अलावा जुलाई 2024 की हिंसा से जुड़े मामलों की सुनवाई निष्पक्ष तरीके से कराने और न्यायिक प्रक्रिया पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर बनाए रखने की अपेक्षा भी जताई गई है।
नए पासपोर्ट के लिए आवेदन, दिसंबर में लौटने की इच्छा
रिपोर्ट के मुताबिक, शेख हसीना ने 9 नवंबर को नए पासपोर्ट और यात्रा दस्तावेजों के लिए आवेदन किया था। भारत आने के बाद बांग्लादेश सरकार से उनके इस संपर्क को महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। बताया गया है कि उन्होंने दिसंबर में अपने देश लौटने की इच्छा भी जताई है।
भारत सरकार ने टिप्पणी से किया इनकार
13 नवंबर को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से भारत की कथित शर्तों को लेकर सवाल पूछा गया था। इस पर उन्होंने कहा कि इस मामले में उनके पास कहने के लिए कुछ नहीं है।
फिलहाल भारत की ओर से बताई जा रही दोनों शर्तों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में शेख हसीना की स्वदेश वापसी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। दिसंबर में उनकी संभावित वापसी और दोनों देशों के बीच आगे होने वाली बातचीत पर सबकी नजरें बनी हुई हैं।
०








