पलामू,(आरएनएस)। झारखंड के पलामू जिले से राष्ट्रीय जनता दल (क्रछ्वष्ठ) के विधायक का एक अजीबोगरीब और विवादित वीडियो सामने आने के बाद सियासी गलियारों में तीखी बहस छिड़ गई है। विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र से राजद विधायक नरेश प्रसाद सिंह एक धार्मिक कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए गांव जा रहे थे, जहां रास्ते में पडऩे वाली नदी को पार करने के लिए वे खुद पानी में उतरने के बजाय एक ग्रामीण के कंधे पर सवार हो गए। नदी पार करते समय अचानक व्यक्ति का संतुलन बिगड़ गया और विधायक समेत उन्हें कंधे पर उठाने वाला शख्स दोनों पानी में धड़ाम से गिर पड़े। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक अन्य व्यक्ति विधायक का जूता हाथ में उठाकर ले जाता भी दिखाई दे रहा है, जिसे लेकर जनप्रतिनिधि के आचरण पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
धार्मिक कार्यक्रम में जा रहे थे विधायक, धुरिया नदी में बिगड़ा संतुलन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना पलामू जिले की घासीदाग पंचायत की बताई जा रही है। देर शाम विधायक नरेश प्रसाद सिंह पंचायत क्षेत्र में आयोजित एक धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने पहुंचे थे। गांव तक पहुंचने वाले मुख्य मार्ग पर धुरिया नदी बहती है, जिसे पार किए बिना आगे नहीं बढ़ा जा सकता। कपड़े भीगने से बचाने के लिए विधायक ने खुद पानी में चलने के बजाय एक व्यक्ति के कंधे का सहारा लिया और उसकी पीठ व कंधे पर सवार हो गए। जैसे ही व्यक्ति विधायक को लेकर नदी के बीचों-बीच पहुंचा, तेज धार और पत्थरों के कारण उसका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ते ही दोनों पानी में गिर गए। हालांकि, पानी ज्यादा गहरा न होने के कारण किसी को गंभीर चोट नहीं आई और आसपास मौजूद समर्थकों ने तुरंत विधायक को संभाल लिया।








