12 घंटे तक तेज हवाओं-भारी बारिश का अलर्ट; हजारों पेड़-बिजली के पोल गिरे, 30 फ्लाइट्स कैंसिल
हैदराबाद/भुवनेश्वर/अमरावती/चेन्नई। चक्रवाती तूफान मुरासु आंध्र प्रदेश से आगे बढक़र तेलंगाना की ओर चला गया है। हालांकि, इसका एक हिस्सा अब भी आंध्र के तट से गुजर रहा है। इसके असर से विजयवाड़ा समेत कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार शाम तक तेज हवाएं चलने और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मुरासु सोमवार रात करीब 1 बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था। इस दौरान 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। मंगलवार सुबह 5:30 बजे तूफान का केंद्र तट पार कर गया।तेज हवाओं से हजारों पेड़ उखड़ गए और बिजली के सैकड़ों खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। कई नावों को भी नुकसान पहुंचा। भारी बारिश से सडक़ें डूब गईं और हाईवे पर वाहन फंस गए। तमिलनाडु के कुड्डालोर में मंगलवार को स्कूल बंद कर दिए गए हैं। साइक्लोन मुरासु की वजह से भारी बारिश हुई है। कुड्डालोर डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर ने ये ऑर्डर तब जारी किए जब जिले के कई हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली कडक़ने और लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है।
आंध्र प्रदेश के 3 जिलों में रेड अलर्ट; मछुआरों को 2 दिन समुद्र में न जाने की सलाह
विशाखापत्तनम मौसम विभाग के निदेशक पीएलएन मूर्ति के मुताबिक, चक्रवाती तूफान मुरासु मंगलवार सुबह 3:30 से 5:30 बजे के बीच ओंगोल के पास आंध्र प्रदेश के तट को पार कर गया। फिलहाल यह दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट के पास गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में मौजूद है। अगले 12 घंटे में इसके उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में बढऩे और मंगलवार दोपहर तक कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के 3 जिलों में रेड अलर्ट और बाकी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को अगले दो दिन तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।








