बिहार: सीवान में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, आठ लोगों की मौत की शुरुआती सूचना; एसपी ने पांच की पुष्टि की

Join Us

सीवान (आरएनएस)। बिहार के सीवान जिले के आलमापुर गांव में पटाखा बनाते समय एक फैक्टरी में भीषण धमाका हुआ। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। लोग घरों से बाहर निकल आए। धमाका इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआत में मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना में अभी तक आठ लोगों की मौत की सूचना है। वहीं, कुछ घंटे बाद सीवान एसपी भरत सोनी ने पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है। कई लोगों के घायल होने की भी आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल के आसपास अभी-भी विस्फोट हो रहे हैं। लगातार धमाकों के कारण राहत व बचाव दलों को अंदर जाने में मुश्किल हो रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इलाके की घेराबंदी की जा रही है। पुलिस के जवान भीड़ को मौके से हटा रहे हैं।मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुक कर ब्लास्ट होने से एक मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया। इस घटना में कई लोगों के शरीर के टुकड़े जहां-तहां बिखरे मिले हैं। धमाके रुकने के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। इस बीच क्षत-विक्षत शवों को देख लोगों की रूह कांप उठी। एक परिवार के मां, पिता और बेटी की मौत की बात सामने आ रही है।सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई है। सदर एसडीओ आशुतोष गुप्ता और महाराजगंज एसडीपीओ अमन भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। बड़हरिया, जामो और गोरेयाकोठी सहित कई थानों की पुलिस भी मौके पर मौजूद है।

Previous article4 सरकारी बैंकों में हिस्सेदारी घटाएगी मोदी सरकार! 75 प्रतिशत तक रह सकती है हिस्सेदारी, निवेशकों के लिए बढ़ेंगे मौके
Next articleअमिताभ बच्चन का बंगला उड़ाने की धमकी, दिलजीत दोसांझ को जान से मारने का मेल