भोपाल(आरएनएस)। ग्वालियर सडक़ हादसे में 16 लोगों की मौत पर जीतू पटवारी ने सरकार से मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा और घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने की मांग की। एम्स भोपाल में घायलों से मिलने के बाद उन्होंने हादसे की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारों पर कार्रवाई और प्रदेश में सडक़ सुरक्षा व प्रशासनिक जवाबदेही मजबूत करने की मांग उठाई। ग्वालियर सडक़ हादसे में 16 लोगों की मौत के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार को घेरा है। उन्होंने हादसे को प्रशासनिक विफलता का परिणाम बताते हुए मृतकों के प्रत्येक परिवार को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने और घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार से उठाने की मांग की। पटवारी ने हादसे की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों और लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई करने की भी बात कही। गुरुवार को पटवारी भोपाल स्थित एम्स पहुंचे, जहां उन्होंने ग्वालियर हादसे में घायल श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने पीडि़त परिवारों से भी चर्चा की और हादसे की परिस्थितियों के बारे में जाना। पटवारी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
पटवारी ने कहा कि ग्वालियर हादसे ने कई परिवारों को कभी न भरने वाला दुख दिया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट करना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रही ऐसी घटनाएं पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था तथा जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। यदि समय रहते उचित इंतजाम और सतर्कता बरती जाती तो कई जानें बचाई जा सकती थीं। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। पटवारी ने कहा कि पीडि़त परिवारों को केवल आश्वासन देना पर्याप्त नहीं है। उन्हें न्याय, उचित उपचार और पर्याप्त आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए।








