
भोपाल (संदीप पंडा)। राजधानी भोपाल के पी एंड टी चौराहे के पास स्थित सरस्वती नगर में इस वर्ष दुर्गा उत्सव की अद्भुत छटा देखने को मिली। परिवहन माँ कालका उत्सव समिति द्वारा जीतू ठाकुर और आनंद ठाकुर की देखरेख में स्थापित की गई भव्य झांकी पूरे नौ दिनों तक शहर भर में आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी रही।
भक्ति के समंदर में सराबोर रहा पूरा क्षेत्र
नवरंगों से सजे नौ दिनों के दौरान पूरा क्षेत्र भक्ति, उल्लास और आस्था के समंदर में सराबोर रहा। प्रतिदिन माँ जगदंबा की भव्य आरती, धार्मिक भजनों और अनुष्ठानों में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माँ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
विसर्जन के समय भावुक हुए श्रद्धालु
गुरुवार को जब माँ भगवती की विदाई का समय आया, तो पूरा पंडाल और क्षेत्र भावुक हो उठा। माँ की प्रतिमा के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की आँखें नम हो गईं।
समिति के सदस्यों ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा—
इन नौ दिनों में माँ की छाँव तले जो भक्तिमय माहौल रहा, उसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। आज ऐसा लग रहा है मानो हमारा घर सूना हो रहा है और परिवार के सभी सदस्य दूर जा रहे हैं।
माँ का आशीर्वाद हमेशा हमारे साथ
हालाँकि, विदाई के इस भावुक क्षण में भी भक्तों के दिलों में एक अटूट विश्वास और हर्ष था। समिति के सदस्यों ने कहा कि माँ भले ही कुछ समय के लिए हमसे ओझल हो रही हैं, लेकिन उनका दिव्य आशीर्वाद और छत्रछाया हमेशा हम सभी पर बनी रहेगी। अगले वर्ष माँ के पुन: आगमन की आस के साथ जयकारों के बीच माँ की विदाई की गई।








