करनाल (आरएनएस)। दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक स्लीपर बस पर हरियाणा में पथराव का मामला सामने आया है। यह घटना करनाल की बताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, बस जम्मू-कश्मीर नंबर की है। घटना में एक बुजुर्ग कश्मीरी यात्री घायल हो गए हैं। सोशल मीडिया पर घटना का अपुष्ट वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बुजुर्ग यात्री की नाक से खून निकलता दिखाई दे रहा है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना पर नाराजगी जताई है।
यह घटना करनाल के जीटी रोड पर नीलोखेड़ी के पास डिवाइन स्टार होटल के सामने की बताई जा रही है।
दावा है कि बस चालक का कार सवार युवकों से विवाद हुआ था। इसके बाद नशे में धुत कार सवार युवकों ने बस पर पत्थर और ईंटों से हमला कर दिया। इसमें बस की कई खिड़कियां टूट गई और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, ‘यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना कभी नहीं होनी चाहिए थी। मुझे उम्मीद है कि नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार और पुलिस दोषियों को पकड़ेंगे और ऐसी कार्रवाई करेंगे जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।’
वहीं, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता इमरान नबी डार ने आरोप लगाया कि बस को इसलिए निशाना बनाया गया, क्योंकि उसमें कश्मीरी यात्री सफर कर रहे थे।
००








