कोलकाता (ए.)। दुर्गा पूजा की खुशियों के बीच कोलकाता में सप्तमी की शाम बड़ा हादसा हो गया. उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनीन पूजा पंडाल में भारी भीड़ के दबाव के कारण पंडाल का एक हिस्सा ढह गया. इसके बाद वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. जानकारी के मुताबिक, हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 लोग घायल हैं.
हादसे के बाद प्रभावित सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं. पूजा आयोजक भी राहत और बचाव कार्य में जुट गए. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल भी कलकत्ता मेडिकल कॉलेज पहुंचे. कोलकाता पुलिस के मुताबिक, बारिश के दौरान भारी भीड़ के चलते चोरबागान के शारदा पार्क पूजा पंडाल के एग्जिट गेट पर भगदड़ की घटना हुई. पुलिस के अनुसार, यह घटना 17 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 7.40 बजे गिरिश पार्क थाना क्षेत्र में हुई. हादसे के बाद घायलों को रेस्क्यू कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस, फायर ब्रिगेड, कंट्रोल रूम और डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप (ष्ठरूत्र) की टीमें मौके पर भेजी गईं. एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम भी पहुंची. फिलहाल पूजा पंडाल को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है.
पीएम मोदी ने जताया दुख
कोलकाता में भगदड़ की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है. पीएमओ की ओर से जारी पोस्ट में कहा गया कि इस घटना से बेहद दुख हुआ है. प्रधानमंत्री ने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचा रहा है. प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को पीएम राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
राज्यपाल ने जताया दुख
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रवि ने कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ में हुई मौतों पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की.
अमित शाह ने जताया दुख
दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना पर गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुख जताया है. अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से फोन पर बात की और हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.
अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में कल के अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं. उन्होंने कहा कि वह अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे. गृह मंत्री ने मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की.
सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नम्बर वहीं, दुर्गा पूजा के दौरान हुए इस हादसे के मद्देनजर पश्चिम बंगाल सरकार ने टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. लोग 18003455678 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कई लोग बेहोश हो गए थे. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को मोटरसाइकिलों पर बैठाकर वहां से ले जाया जा रहा था. प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, उन्होंने आसपास कई लोगों को बेहोश होते और उन्हें बाइक से ले जाते देखा. उन्होंने बताया कि मौके पर काफी भीड़ भी मौजूद थी.
ममता बनर्जी ने जताया दुख
भगदड़ की घटना पर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुख जताया है. उन्होंने कहा कि वह घटना की खबर से बेहद स्तब्ध और दुखी हैं. ममता बनर्जी ने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की और इस मुश्किल समय में उनके परिवारों को हिम्मत और साहस देने के लिए मां दुर्गा से प्रार्थना की.
चोरबागान पूजा पंडाल में हुए हादसे को लेकर विधायक कुणाल घोष ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया है. उन्होंने कहा कि हादसे में प्रभावित लोगों को मेडिकल कॉलेज ले जाने की पूरी प्रक्रिया चल रही है. कुणाल घोष ने कहा कि हादसा कैसे और क्यों हुआ, इसकी जानकारी बाद में सामने आएगी, लेकिन फिलहाल प्राथमिकता लोगों को बचाना और गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज कराना है.
उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मेडिकल कॉलेज में तुरंत डॉक्टर और संबंधित मेडिकल स्टाफ की व्यवस्था करने की अपील की. उन्होंने कहा कि ञ्जरूष्ट कार्यकर्ता भी राहत कार्य में सहयोग कर रहे हैं. कुणाल घोष ने पूजा घूमने निकले लोगों से चोरबागान की तरफ नहीं जाने की अपील की.








