राहुल-प्रियंका के नेतृत्व में विपक्ष का ‘दिल्ली चलो’ मार्च, चुनाव प्रक्रिया पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर

Join Us

मंडी हाउस से पैदल मार्च में शामिल हुए अखिलेश यादव, भारी भीड़ के बीच धक्का-मुक्की
नई दिल्ली (आरएनएस)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई और चुनाव प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर विपक्षी दलों ने ‘दिल्ली चलो’ मार्च निकाला। बाराखंभा से उच्चतम न्यायालय की ओर बढ़े इस मार्च के दौरान लुटियंस दिल्ली की सडक़ों पर बड़ी संख्या में लोग जुटे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने मंडी हाउस के आगे छात्र नेता नेरा बोरा के साथ पैदल मार्च का नेतृत्व किया। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी बाद में मार्च में शामिल हुए।विपक्ष की ओर से उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर कर दी गई है। हालांकि, भारी भीड़ के कारण विपक्षी नेता अदालत तक नहीं पहुंच सके। कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी तथा उनके सहयोगी वकीलों ने याचिका दायर की। बताया गया कि अदालत बंद होने से पहले याचिका न्यायालय की वेबसाइट पर पंजीकृत हो गई।
राहुल गांधी सहित विपक्षी नेताओं ने सोमवार को भारत के मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात का अनुरोध किया था। हालांकि, मुख्य न्यायाधीश ने यह कहते हुए अनुरोध स्वीकार नहीं किया कि जिस मामले को लेकर विपक्ष उनसे मिलना चाहता है, वह पहले से ही न्यायालय में लंबित है। ऐसे में इस विषय पर अलग से मुलाकात करना उचित नहीं होगा।इसके बाद विपक्षी नेताओं ने उच्चतम न्यायालय तक मार्च करने और याचिका दायर करने का निर्णय लिया। बाराखंभा से शुरू हुआ मार्च मंडी हाउस तक पहुंचा, जहां राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बस से उतरकर पैदल आगे बढ़े। भारी भीड़ के कारण रास्ते में धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। मार्च में आगे चलकर अखिलेश यादव भी शामिल हो गए।उच्चतम न्यायालय में दायर याचिका में कुल 11 याचिकाकर्ताओं के नाम शामिल बताए गए हैं। इनमें राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, सांसद सौगत रॉय, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत, वामपंथी दलों के नेता बेबी और डी. राजा, झारखंड मुक्ति मोर्चा की नेता महुआ माझी, सुप्रिया सुले तथा इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के नेता मोहम्मद बशीर शामिल हैं।

Previous articleहम सभी को अपनी कोशिशों पर गर्व है, गेंदबाजों ने प्लान को बहुत अच्छे से लागू किया : नीतीश रेड्डी
Next articleराहुल गांधी का दावा, कहा- केंद्र सरकार के 200 अधिकारी हमारे संपर्क में हैं