सीजेपी का जंतर-मंतर मार्च: दीपके समेत 7000 लोग हिरासत में

Join Us

 मेट्रो बैन-पुलिस एक्शन पर सुप्रीम कोर्ट में रविवार को सुनवाई
नई दिल्ली (ए.)। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को रोकने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा बंदोबस्त किए गए और कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेता अभिजीत दीपके, चार पूर्व मुख्यमंत्रियों और यूट्यूबर ध्रुव राठी समेत सात हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल जंतर-मंतर पूरे दिन सुनसान नजर आया। प्रदर्शनकारियों को इलाके से दूर रखने के लिए लुटियन दिल्ली में 30 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई और कई स्तरों पर बैरिकेड लगाए गए। विपक्षी दलों ने स्थिति की तुलना आपातकाल से भी बदतर हालात से की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने युवाओं से ‘‘प्रदर्शन जारी रखने’’ की अपील की और कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित करेंगे कि इस शासन और संविधान पर हमला करने वाले लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़े।’’ आम आदमी पार्टी (आप) के अरविंद केजरीवाल, तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी, माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पिनराई विजयन और माणिक सरकार सहित विपक्ष के कई नेताओं को राजधानी में अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिया गया। ये नेता कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) द्वारा बुलाए गए प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख बनर्जी ने कहा, ‘‘यह आपातकाल से भी आगे निकल गया है। यह महा-आपातकाल बन गया है।’’ हिरासत में लिए गए कई नेताओं ने दावा किया कि पुलिस उन्हें घंटों तक वाहनों में इधर-उधर घुमाती रही। माकपा महासचिव एम ए बेबी, वरिष्ठ वामपंथी नेता बृंदा करात, भाकपा (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव, अधिवक्ता प्रशांत भूषण और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा को भी हिरासत में लिया गया। राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चेन्नई में थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का ‘‘मूल चरित्र’’ ‘‘कायरता’’ है। कांग्रेस ने कॉजपा के प्रदर्शन से दूरी बनाए रखी। हालांकि उसने कथित ‘‘वोट चोरी’’ को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन किए हैं। मुंबई से दिल्ली पहुंची उड़ान के उतरते ही दिल्ली पुलिस ने दीपके और कॉजपा के दो अन्य नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को विमान के भीतर से ही हिरासत में ले लिया। कॉजपा द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में दीपके को विमान में दाखिल हुए पुलिस अधिकारियों से यह कहते सुना जा सकता है, ‘‘हम यहां गिरफ्तार होने आए हैं, आइए और हमें गिरफ्तार कीजिए।’’ हिरासत में लिए जाने से पहले पुलिसकर्मियों ने कॉजपा नेताओं से कहा कि उनके पास जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है। दीपके ने कहा कि कॉजपा नेताओं को अपराधियों की तरह हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी ऐसा नहीं किया था और यह तानाशाही के समान है। विदेश में रहने वाले और मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार के खिलाफ कॉजपा के प्रदर्शन में शामिल होने आए यूट्यूबर ध्रुव राठी को शनिवार को गुरुग्राम के सेक्टर 56 स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया। अपराह्न करीब एक बजे इम्तियाज अली मार्ग पर आकाशवाणी भवन के पास बैरिकेड लांघने के बाद प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को तुरंत हिरासत में ले लिया। शाम को कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर के पास भी इसी तरह की घटना हुई, जहां कुछ प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाकर्मियों पर पत्थर फेंके। प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के दौरान कुल सात सुरक्षाकर्मी घायल हुए। दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल भी आइसा की नेहा समेत वामपंथी नेताओं को हिरासत में लेने के दौरान हाथ में चोट लगने से घायल हो गए। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों पर कथित हमले के संबंध में पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर सकती है।  शनिवार को नयी दिल्ली में हर ओर खाकी वर्दीधारी सुरक्षाकर्मी नजर आए। कॉजपा के प्रदर्शन से पहले पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 30 हजार से अधिक जवान तैनात किए गए। सडक़ों पर कई स्तरों पर बैरिकेडिंग, 45 मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने और शहर के सीमावर्ती प्रवेश बिंदुओं, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, होटल और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच के कारण राजधानी में यातायात व्यवस्था चरमरा गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शनिवार को दिल्ली में सात हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया, जिनमें दो हजार से अधिक को नयी दिल्ली इलाके में हिरासत में लिया गया। कॉजपा नेता दीपके को हिरासत में लिए जाने के तुरंत बाद उनका पहले से रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो संदेश जारी किया गया। इसमें उन्होंने कहा कि संगठन के प्रभारी अजिंक्य शिंदे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। कॉजपा ने कहा कि उसके नेता मौजूद हों या नहीं, देशभर में प्रदर्शन जारी रहेगा। पुलिस ने दीपके को महाराष्ट्र में उनकी दादी के निधन की सूचना दी और मानवीय आधार पर उन्हें अपने गृहनगर जाने की व्यवस्था में संभावित मदद की पेशकश की। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि दीपके की दादी सावित्रीबाई शंकरराव दीपके (85) का लंबी बीमारी के बाद शनिवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी गांव स्थित उनके घर पर निधन हो गया। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने कहा कि यदि हिरासत में लिए गए लोगों को 24 घंटे के भीतर रिहा नहीं किया गया, तो वह लेह या दिल्ली में भूख हड़ताल या मार्च सहित शांतिपूर्ण प्रदर्शन शुरू करने पर विचार करेंगे। वांगचुक ने इससे पहले जंतर-मंतर पर कॉजपा के 36 दिन के आंदोलन में हिस्सा लिया था। यह आंदोलन नीट प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर हुआ था और 25 जुलाई को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद समाप्त हुआ था। इस आंदोलन के दौरान 20 जुलाई को संसद तक मार्च करने की कोशिश में भारी अव्यवस्था हुई थी, जब सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर को ‘‘बंधक’’ बनाने के इरादे से किया जाने वाला प्रदर्शन ‘‘फ्लॉप शो’’ साबित हुआ। पार्टी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों के साथ मिलकर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया और उनकी तुलना मीर जाफर से की।   जंतर-मंतर जाने की कोशिश कर रहे सैकड़ों युवाओं और कई नेताओं को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया। वहीं, भाजपा नेता संबित पात्रा ने कहा कि यह ‘‘भीड़तंत्र’’ पर लोकतंत्र की जीत है। पुलिसकर्मियों ने हनुमान मंदिर, आकाशवाणी भवन, सफदरजंग फ्लाईओवर और केरल हाउस समेत कई स्थानों से प्रदर्शनकारियों के समूहों को हिरासत में लिया।

Previous articleओबीसी आरक्षण पर कांग्रेस का हमला, सिंघार बोले- पिछड़े वर्ग के साथ हुआ अन्याय; पटवारी ने उठाए सवाल
Next articleशारजाह के पास तेल टैंकर पर ड्रोन हमला, जहाज पर सवार सभी 22 भारतीय नाविक सुरक्षित