गौमाता को फल-फ्रूट, हरा चारा, गुड़ एवं खली खिलाकर लगाया भोग
“गौमाता की सेवा ही प्रभु की सच्ची आराधना” — पं. नरेश तिवारी
सीहोर। भारतीय संस्कृति में सेवा को साधना और करुणा को सबसे बड़ा संस्कार माना गया है। इसी आस्था और सेवा भाव के साथ सर्व पितृ अमावस्या के पावन अवसर पर अग्रसोच सोशल फाउंडेशन (पंजी.) के सदस्यों ने सीहोर-श्यामपुर रोड स्थित सीताराम आश्रम गौतीर्थ गौशाला पहुंचकर गौमाता की सेवा की। इस अवसर पर गोवंश को फल-फ्रूट, हरा चारा, गुड़ एवं खली खिलाकर भोग अर्पित किया गया। साथ ही गौशाला संचालक पं. नरेश तिवारी का पुष्पमाला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
पं. नरेश तिवारी ने कहा कि गौमाता की सेवा ही प्रभु की सच्ची आराधना है। गौसेवा हमारी सनातन संस्कृति, श्रद्धा और संस्कारों का अभिन्न अंग है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार गौमाता की सेवा और संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।
समाजसेवी एवं नगर सेठ विवेक रूठिया ने कहा कि सेवा, सहयोग और समर्पण समाज की वास्तविक शक्ति हैं। गौसेवा जैसे पुनीत कार्य नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ते हैं और जीवों के प्रति दया एवं संवेदना का भाव जागृत करते हैं। वहीं समाजसेवी नरेंद्र गोस्वामी ने कहा कि जीवों के प्रति करुणा और सेवा का भाव ही मानवता की सच्ची पहचान है। प्रत्येक व्यक्ति को ऐसे सेवा कार्यों में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार आर.ए. शेख मुंशी, समाजसेवी विवेक रूठिया, नरेंद्र गोस्वामी तथा फाउंडेशन के संस्थापक आशीष गुप्ता अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने गौमाता की सेवा कर समाज में आस्था, करुणा और समर्पण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन के संस्थापक आशीष गुप्ता अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अग्रसोच सोशल फाउंडेशन का उद्देश्य सेवा को केवल शब्दों तक सीमित न रखकर उसे व्यवहार में उतारना है। संस्था गौसेवा, जनसेवा और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से सेवा एवं संस्कारों की भावना को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।







